शादी में शराब पीने से रोकने पर दूल्हे और उसके साथियों ने युवक को पीट-पीटकर मार डाला; 5 गिरफ्तार

जयपुर के सांगानेर में शादी में शराब पीने से रोकने पर युवक संजू शर्मा की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. पुलिस ने दूल्हे समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिससे बारात की खुशियां मातम में बदल गईं.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
सांगानेर में शादी में शराब पीने से रोकने पर युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई.

Rajasthan News: राजस्थान की राजधानी जयपुर के सांगानेर सदर इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक शादी समारोह में शामिल होने आए लोगों ने मामूली विवाद के चलते एक युवक की जान ले ली. इस वारदात के बाद इलाके में भारी तनाव है और पुलिस ने दूल्हे सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

क्या है पूरा मामला

मृतक संजू शर्मा (28) गोविंदपुरा का रहने वाला था और पानी के टैंकर सप्लाई का काम करता था. मंगलवार रात उसके घर के पास ही एक खेत में शादी का कार्यक्रम चल रहा था. इसी दौरान शादी में आए कुछ युवक संजू के घर के बाहर बैठकर शराब पीने लगे. जब संजू के परिवार ने उन्हें वहां से हटने के लिए कहा तो वे झगड़ने लगे.

Advertisement

पत्थरों और डंडों से किया जानलेवा हमला

विवाद इतना बढ़ा कि वे युवक अपने अन्य साथियों को लेकर वापस आए और संजू के घर पर पत्थरबाजी शुरू कर दी. शोर सुनकर जब संजू बाहर आया और मामला शांत करने की कोशिश की तो हमलावरों ने उस पर पत्थरों और डंडों से बर्बर हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल संजू को परिजन आनन-फानन में एसएमएस अस्पताल ले गए, जहां बुधवार सुबह उसकी मौत हो गई.

दूल्हे समेत पांच गिरफ्तार 

डीसीपी साउथ राजर्षि राज ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है. इस जघन्य वारदात में मुख्य आरोपी दूल्हा सागर बैरवा भी शामिल था. पुलिस ने दूल्हे सहित पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. मृतक के परिजनों का आरोप है कि हमलावरों ने घर की अन्य महिलाओं और सदस्यों के साथ भी मारपीट की.

इलाके में भारी पुलिस बल तैनात

घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. फिलहाल पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है. सबसे बड़ा सवाल यही है कि जिस दूल्हे को आज बारात लेकर जाना था, वह अब सलाखों के पीछे है, जिससे शादी के रस्में अधूरी रह गई हैं.

यह भी पढ़ें- एसओजी के हत्थे चढ़ा पूर्व खेल सचिव बुद्धाराम टांक, 2-2 लाख में बनवाए थे जाली खेल प्रमाण-पत्र