Jaipur Metro: जयपुर में 2055 तक 138km लंबा मेट्रो रेल नेटवर्क बिछाने का है प्लान, जानिए कहां-कहां से गुजरेगी

राजधानी जयपुर के लिए मेट्रो का बड़ा प्लान तैयार है. इस प्लान के मुताबिक साल 2055 तक 138 किलोमीटर का मेट्रो नेटवर्क जयपुर में बिछाने की कवायद हो रही है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

राजस्थान की राजधानी को रफ्तार देने की कवायद हो रही है. पिछले दिनों केंद्र ने जयपुर मेट्रो के सेकंड फेज को मंजूरी दे दी. जयपुर में अभी मेट्रो रेल का नेटवर्क 11 किलोमीटर लंबा है. दूसरे फेज में 41 किलोमीटर का रूट जुड़ जाएगा. इसके बाद जयपुर मेट्रो नेटवर्क की लंबाई 52 किलोमीटर हो जाएगी. लेकिन जयपुर में मेट्रो का सफर सिर्फ 52 किलोमीटर ही नहीं, बल्कि 125 किलोमीटर से भी ज्यादा करने की तैयारी हो रही है. दरअसल किसी भी शहर में मेट्रो रेल आज से ज्यादा भविष्य की ज़रूरत के लिए तैयार की जातीहै.  इसी सोच को आगे रखते हुए जयपुर में 2055 तक 138 किलोमीटर लंबा मेट्रो नेटवर्क बढ़ाने पर काम हो रहा है. 

Photo Credit: NDTV

फेज-2  में 42.8 किलोमीटर का कॉरिडोर

राजधानी जयपुर के लिए मेट्रो का बड़ा प्लान तैयार है. इस प्लान के मुताबिक साल 2055 तक 138 किलोमीटर का मेट्रो नेटवर्क जयपुर में बिछाने की कवायद हो रही है. केंद्रीय कैबिनेट से फेज़-2 की मंजूरी मिल चुकी है. इसके तहत टोंक रोड स्थित प्रहलादपुरा से लेकर सीकर रोड पर टोड़ी मोड़ तक 42.8 किलोमीटर का कॉरिडोर बनाया जाएगा. इसे 2031 तक पूरा करने की डेडलाइन तय की गई है. लेकिन काम और उसकी रफ्तार की अलग परख इसके बाद के फेज़ में भी होगी. 

Advertisement

फेज-3 का डिटेल

मेट्रो विस्तार के तीसरे फेज़ में चार कॉरिडोर पर काम करने की मंशा है. यह चारों कॉरिडोर जयपुर की अलग-अलग दिशाओं में होंगे. इसमें सबसे लंबा रूट जयपुर के पूर्व में ट्रांसपोर्ट नगर से जगतपुरा तक का होगा. यह ट्रैक 17 किलोमीटर लंबा होगा. इसके जरिये नया शहर और पुराना शहर एक दूसरे से मेट्रो से जुड़ जाएंगे तो यहां सफर का समय और दूरी दोनों कम हो जाएंगे. 

दूसरा ट्रैक कनकपुरा से झालाना डूंगरी के बीच प्रस्तावित है. इसमें तकरीबन 16.3 किलोमीटर के रूट से दो बड़े इन्स्टीट्यूशनल एरिया को जोड़ेगा. इसी तरह अजमेर रोड चौराहे से कालवाड़ रोड तक 8.5 किलोमीटर लम्बा मेट्रो ट्रैक बनाने की योजना तैयार हो रही है. यह ट्रैक राजधानी के पश्चिमी हिस्से में मेट्रो का विस्तार करेगा तो कालवाड़ रोड से अजमेर तक लोगों की अप्रोच भी आसान हो जाएगी.

इस तीसरे फेज़ में कुल 57.8 किलोमीटर का नेटवर्क तैयार होगा, लेकिन इसके लिए साल 2041 तक इंतजार करना होगा. 

फेज-4 के 14 साल की योजना

फ़ेज़-3 के बाद अगले 14 साल का समय फेज़-4 के लिए प्लान किया गया है. फेज़-4 में भी 35.5 किलोमीटर लम्बा मेट्रो ट्रैक विकसित करना प्रस्तावित है. इसमें जगतपुरा से खातीपुरा रेलवे स्टेशन तक 6.5 किलोमीटर लम्बा ट्रैक बनाया जाएगा. साथ ही गलता तीर्थ से आमेर तक टूरिस्ट सर्किट को जोड़ने के लिए भी 9.5 किलोमीटर लम्बा कॉरिडोर प्लान में शामिल है. इन दोनों ट्रैक के जरिये राजधानी के पूर्वी हिस्से में पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम बहुत मजबूत हो जाएगा.

चौथे फ़ेज़ में ही ट्रांसपोर्ट नगर से बगराना तक 10.4 किलोमीटर और कालवाड़ रोड से लक्ष्मी नारायणपुरा तक का तकरीबन 11 किलोमीटर का रूट भी शामिल है. इसमें लक्ष्मी नारायणपुरा तक मेट्रो पहुंचने से 200 फीट एक्सप्रेस-वे के समानांतर ही मेट्रो की कनेक्टिविटि अजमेर रोड से सीकर रोड तक हो जाएगी. 

Advertisement

चौथे फेज़ में अभी तक के प्लान में तकरीबन 37.5 किलोमीटर लंबा ट्रैक बनाना  शामिल किया गया है. चौथा फेज़ साल 2055 तक पूरा करने की योजना है.

ये भी पढ़ें-: Jaipur Metro New Phase: इंतज़ार हुआ ख़त्म, जयपुर मेट्रो फेज-2 को मिली अंतिम मंजूरी; ये होंगे नए मेट्रो स्टेशन

Advertisement
Topics mentioned in this article