Jaipur: फागण के रंग में रंगे 'मोती डूंगरी के राजा', गुलाल और फूलों के श्रृंगार ने मोह लिया भक्तों का मन

जयपुर के मोती डूंगरी गणेश मंदिर में फागण की धूम! गुलाल और फूलों से सजे प्रथम पूज्य, दर्शनों के लिए उमड़ी भक्तों की भीड़. जानें क्या है खास.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
मोती डूंगरी के दरबार में फागण की बहार
NDTV Reporter

Jaipur News: पिंक सिटी में फाल्गुन माह की मस्ती अब मंदिरों की चौखट तक पहुंच गई है. जयपुर के आराध्य मोती डूंगरी गणेश जी महाराज बुधवार को पूरी तरह फागण के रंग में रंगे नजर आए. भक्ति और उमंग के इस संगम को देखने के लिए सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा.

केसरिया-गुलाबी आभा से महका दरबार

फाल्गुन उत्सव के खास अवसर पर गणपति बप्पा को विशेष फागण थीम की पोशाक धारण कराई गई. मंदिर महंत के सान्निध्य में हुए इस श्रृंगार में अबीर, गुलाल और रंग-बिरंगे फूलों का अद्भुत प्रयोग किया गया. विशेष रूप से गुलाबी और केसरिया आभा से सजे दरबार ने हर भक्त को अपनी ओर आकर्षित किया.

मंगला आरती से शुरू हुआ उत्सव

उत्सव की शुरुआत सुबह मंगला आरती के साथ हुई, जिसके बाद भगवान का विशेष अभिषेक किया गया. मंदिर परिसर ढोल, मंजीरे और भजनों की मधुर धुनों से गूंज उठा. भक्तों ने गणपति बप्पा के जयकारों के साथ गुलाल उड़ाकर फागुन का आनंद लिया. श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और यातायात के भी कड़े इंतजाम किए गए ताकि दर्शन सुचारु रूप से हो सकें.

सुख-समृद्धि की कामना

मान्यता है कि फाल्गुन माह में गणेश जी के इस 'रंगीन' दरबार में हाजिरी लगाने से जीवन में खुशियां और मंगल का आगमन होता है. दर्शन के लिए आए भक्तों ने बताया कि फागण के श्रृंगार में बप्पा का रूप अत्यंत मनमोहक लग रहा है.

Advertisement

ये भी पढ़ें:- 50000 की रिश्वत लेता पटवारी गिरफ्तार, 10 साल पहले भी एसीबी ने ट्रैप कर भेजा था जेल