जयपुर: हत्या या हादसा! स्विमिंग पूल में मिला किराना व्यापारी का शव, CCTV गायब और सिर पर चोट के निशान

राजस्थान में जयपुर की स्पोर्ट्स एकेडमी के स्विमिंग पूल में किराना व्यापारी सत्येंद्र चौधरी की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई है. परिजनों ने सीसीटीवी गायब होने और सिर पर चोट के निशान देखकर इसे हत्या बताया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
जयपुर की स्पोर्ट्स एकेडमी के स्विमिंग पूल में किराना व्यापारी सत्येंद्र चौधरी की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई है.

Rajasthan News: राजस्थान की राजधानी जयपुर के एक स्पोर्ट्स एकेडमी में उस वक्त हड़कंप मच गया जब स्विमिंग पूल के अंदर एक किराना व्यापारी का संदिग्ध शव मिला. मृतक की पहचान 47 वर्षीय सत्येंद्र चौधरी के रूप में हुई है. इस घटना ने तब नया मोड़ ले लिया जब परिजनों ने इसे सामान्य हादसा मानने से इनकार करते हुए सीधे हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच के घेरे में एकेडमी प्रबंधन है.

आखिर गायब कहां हुए CCTV फुटेज?

इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि स्पोर्ट्स एकेडमी के सीसीटीवी सिस्टम का गायब होना. परिजनों का तर्क है कि अगर सत्येंद्र की मौत महज एक हादसा थी तो प्रबंधन ने सीसीटीवी फुटेज के साथ छेड़छाड़ क्यों की या उन्हें वहां से क्यों हटाया? यह सवाल एकेडमी प्रशासन की भूमिका पर बड़े सवालिया निशान खड़े कर रहा है.

Advertisement

सिर पर चोट के निशान और 'खामोश' लाइफगार्ड

सत्येंद्र चौधरी के परिजनों ने बताया कि उनके सिर के पिछले हिस्से पर गहरी चोट के निशान मिले हैं. परिजनों का कहना है कि पूल में डूबने की स्थिति में सिर के पीछे ऐसी चोट लगना संभव नहीं है. इसके अलावा आरोप यह भी है कि जब यह घटना हुई तब मौके पर न तो कोई लाइफगार्ड मौजूद था और न ही कोई सुरक्षा ट्रेनर. महज 4 दिन पहले फिटनेस के लिए एकेडमी जॉइन करने वाले सत्येंद्र की ऐसी मौत ने सुरक्षा मानकों की पोल खोल दी है.

पुलिस की कार्रवाई और पोस्टमार्टम पर टिकी नजर

नारायण विहार थाना पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. शव का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड द्वारा कराया जा रहा है ताकि मौत की सटीक वजह सामने आ सके. पुलिस अब एकेडमी के पास मौजूद लाइसेंस और वहां के सुरक्षा इंतजामों की गहनता से पड़ताल कर रही है.

यह भी पढ़ें- Rajasthan: 4 बच्चों की मां पर पति का आतंक... फिर पत्नी ने उठाया ऐसा कदम; सुनकर कांप जाएगी रूह