जयपुर नगर निगम की मतगणना का सेंटर बदला, कॉमर्स कॉलेज नहीं भवानी निकेतन में होगी 150 वार्डों की गिनती

जयपुर नगर निगम का मतगणना स्थल बदला गया है. हर बार जेएलएन मार्ग स्थित राजस्थान और कॉमर्स कॉलेज परिसर में काउंटिंग होती थी, लेकिन इस बार भवानी निकेतन में मतगणना होगी.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

जयपुर नगर निगम का काउंटिंग सेंटर इस बार बदल दिया गया है. पारंपरिक रूप से जेएलएन मार्ग स्थित राजस्थान और कॉमर्स कॉलेज परिसर में होने वाली वोट काउंटिंग अब सीकर रोड स्थित भवानी निकेतन परिसर में करवाई जाएगी. नगर निगम के 150 वार्डों में वोटिंग 11 सितंबर को होगी और पोलिंग पार्टियां 10 सितंबर को भवानी निकेतन से रवाना की जाएंगी. जयपुर जिले की अन्य नगरपालिकाओं व नगर परिषदों की वोटिंग के लिए भी पोलिंग पार्टियां यहीं से रवाना की जाएंगी. वोटिंग के बाद शाम को सभी मतदान केंद्रों से मतपेटियां फार्मेसी कॉलेज, भवानी निकेतन परिसर में लाकर रखी जाएंगी. 

गणेश चतुर्थी पर मोतीडूंगरी के मेले में उमड़ेगा सैलाब

बदलाव का कारण गणेश चतुर्थी के दौरान जेएलएन मार्ग पर लगने वाला बड़ा मेला और जनसैलाब बताया गया है. गणेश चतुर्थी पर मोतीडूंगरी के मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ इतनी अधिक होती है कि गांधी सर्किल से त्रिमूर्ति सर्किल तक ट्रैफिक डायवर्जन करना पड़ता है. 

Advertisement

अगर 14 सितंबर को नगर निगम के 150 वार्डों की गिनती कॉमर्स और राजस्थान कॉलेज में हुई तो ट्रैफिक को बजाज नगर मोड़ तक बंद करना पड़ता और साथ ही प्रत्याशियों व समर्थकों की भीड़ भी बड़ी चुनौती बन जाती. इन परिस्थितियों को ध्यान में रखकर काउंटिंग भवानी निकेतन परिसर में कराने का निर्णय लिया गया.

18 निकायों में भी 9 सितंबर को वोटिंग

8 सितंबर को दो पारियों में बगरू, चाकसू, जोबनेर, किशनगढ़-रेनवाल, फुलेरा, सांभर, बस्सी, दूदू, जमवारामगढ़, कालाडेरा, कानोता, खेजरोली, मनोहपुर, नरायना, फागी, वाटिका और नगर परिषद चौमूं व शाहपुरा (कुल 18 निकाय) के लिए टीमें रवाना की जाएंगी. इन 18 निकायों में वोटिंग 9 सितंबर को निर्धारित है, जबकि वोट काउंटिंग संबंधित निकायों के मुख्यालयों पर करवाई जाएगी.

यह भी पढ़ेंः राजस्थान में कमजोर मानसून, इस सप्ताह साफ रहेगा मौसम, पूर्वी हिस्से में हल्की बारिश के आसार