राजस्थान में मानसून कमजोर पड़ चुका है. फिलहाल मौसम साफ बना हुआ है और अगले कुछ दिन बदलाव की संभावना नहीं है. पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग के अधिकांश भागों में आगामी एक सप्ताह मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है. रेगिस्तानी इलाके में तापमान में काफी बढ़ोतरी की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक, इस दौरान सीमावर्ती क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 36 से 39 डिग्री दर्ज किया जा सकता है. फिलहाल उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी व आसपास के क्षेत्र के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है. वर्तमान में राज्य के अधिकांश भागों में शुष्क दक्षिण-पश्चिमी हवाएं प्रभावी है.
कोटा-भरतपुर और जयपुर के हिस्सों में बारिश की संभावना
उदयपुर, जयपुर, अजमेर संभाग के अधिकांश भागों में भी आगामी एक सप्ताह कमजोर मानसून परिस्थितियां रहने की प्रबल संभावना है. हालांकि, कोटा, भरतपुर, जयपुर संभाग के पूर्वी भागों के जिलों में 25 से 27 अगस्त को कुछ भागों में हल्की मध्यम बारिश होने की संभावना है. इस दौरान दक्षिण-पूर्वी भागों में कहीं-कहीं मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है.
अलवर-भरतपुर में बरसे बादल
शनिवार (22 अगस्त) रात से रविवार (23 अगस्त) सुबह तक अलवर के कठूमर में 57 मिमी, रैणी में 45 और राजगढ़ में 39 मिमी बारिश हुई. भरतपुर के बरैठा में 46, नदबई में 33 और रूपवास में 25 मिमी बारिश हुई. धौलपुर के सरमथुरा में 23 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. जबकि रविवार (23 अगस्त) दोपहर धौलपुर के राजाखेड़ा और सैंपऊ में 6-6 मिमी, बसेड़ी में 4 और बसई नवाब क्षेत्र में 16 मिमी बारिश हुई.
यह भी पढ़ेंः जयपुर के बाद जोधपुर में CJP के कार्यक्रम में बवाल, आशुतोष रांका के इवेंट में चले लात-घूंसे