जयपुर में नई इलेक्ट्रिक बस में किसकी गलती से फंसी 30 यात्रियों की जान? ड्राइवर ने खोला राज

राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक नई इलेक्ट्रिक सिटी बस अचानक बीच रास्ते बंद हो गई, जिससे बस में सवार करीब 25 से 30 यात्री अंदर ही फंस गए.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
इलेक्ट्रिक बस का गेट अचानक हुआ बंद
X/ Bhajanlal Sharma

राजस्थान में शुरू की गई नई इलेक्ट्रिक बस सेवा मंगलवार को चर्चा का विषय बन गई. राजधानी जयपुर के टोंक रोड पर एक नई इलेक्ट्रिक सिटी बस अचानक बीच रास्ते बंद हो गई, जिससे बस में सवार करीब 25 से 30 यात्री अंदर ही फंस गए. बस के गेट ऑटोमैटिक लॉक हो गए और तेज सायरन बजने लगा. अचानक बने इस हालात से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए बस के भीतर घुटन जैसी स्थिति पैदा हो गई. हालांकि ड्राइवर की सूझबूझ से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. बाद में तकनीकी टीम की मदद से बस के गेट को सही किया गया.

घटना मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे कुंभा मार्ग के पास की है. शुरुआत में ड्राइवर को भी समझ नहीं आया कि बस में क्या तकनीकी खराबी आई है. काफी प्रयास के बाद ड्राइवर ने अपनी ओर का गेट खोला और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला. इसके बाद मौके पर पहुंचे मैकेनिक ने तकनीकी समस्या को ठीक किया, जिसके बाद करीब आधे घंटे में बस को दोबारा रवाना किया गया.

Advertisement

बस में अचानक कैसे लॉक हुए गेट?

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस में लगा पैनिक एसओएस बटन दब जाने के कारण यह स्थिति बनी. इलेक्ट्रिक बसों में सुरक्षा के लिए यह बटन लगाया जाता है. इसके एक्टिव होते ही बस का इमरजेंसी सिस्टम चालू हो जाता है, जिससे सायरन बजने लगता है और गेट लॉक हो जाते हैं.

ड्राइवर ने क्या बताया?

बस ड्राइवर हेमंत के अनुसार, संभवतः किसी यात्री ने पैनिक बटन दबा दिया था, जिससे यह स्थिति बनी. उन्होंने बताया कि जब बस के अंदर घुटन बढ़ने लगी, तब उन्होंने अपने पास मौजूद इमरजेंसी सिस्टम का उपयोग कर गेट खोले और यात्रियों को बाहर निकाला. ड्राइवर ने कहा कि उन्हें बस चलाने से पहले ट्रेनिंग तो दी गई थी, लेकिन पैनिक बटन एक्टिव होने की स्थिति में क्या करें इसकी विस्तृत जानकारी नहीं दी गई.

जयपुर में और भीलवाड़ा में नई इलेक्ट्रिक बसें

राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत हाल ही में जयपुर में 29 और भीलवाड़ा में 18 नई इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया है. मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने शनिवार 20 जून को जयपुर में इन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था. वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भीलवाड़ा में भी 18 इलेक्ट्रिक बसों का शुभारंभ किया गया था.

ये भी पढ़ें-  राजस्थान में 30-40 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, डीग में जोरदार बारिश, कई जिलों में अलर्ट

Advertisement