विज्ञापन

राजस्थान में 30-40 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, डीग में जोरदार बारिश, कई जिलों में अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग के जयपुर केंद्र ने कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. अगले कुछ घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है.

राजस्थान में 30-40 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, डीग में जोरदार बारिश, कई जिलों में अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग के जयपुर केंद्र ने राजस्थान के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है (Photo-NDTV)

राजस्थान में मानसून की दस्तक के साथ मौसम का मिजाज बदलने लगा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के जयपुर केंद्र ने कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. अगले कुछ घंटों के दौरान कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है. साथ ही वाहन चलाने वालों को विषेश सावधानी बरतने के लिए कहा है. 

राजधानी जयपुर में कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी जयपुर में बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार अचानक तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे विजिबिलिटी प्रभावित हो सकती है. वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. 

कोटा, बूंदी और बारां में बारिश का अलर्ट

कोटा, बूंदी और बारां जिलों में अगले कुछ घंटों के दौरान मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कुछ स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. 

टोंक और सवाई माधोपुर में येलो अलर्ट

टोंक और सवाई माधोपुर जिलों को भी येलो अलर्ट क्षेत्र में रखा गया है. यहां गरज-चमक के साथ बारिश और धूलभरी हवाओं की स्थिति बन सकती है. मौसम विभाग ने किसानों और खुले में काम करने वाले लोगों को सतर्क रहने को कहा है. 

भरतपुर, धौलपुर और करौली में बदलेगा मौसम

पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, धौलपुर और करौली जिलों में भी मौसम अचानक बदल सकता है. बादलों की आवाजाही के बीच बारिश और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है.

अलवर और दौसा में भी असर, बीकानेर में भी अलर्ट 

अलवर और दौसा में मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक खराब मौसम के दौरान बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं, इसलिए लोग सुरक्षित स्थानों पर रहें.  बीकानेर जिले को भी येलो अलर्ट में शामिल किया गया है. यहां तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है। धूलभरी आंधी की संभावना से भी इनकार नहीं किया गया है.

डीग में तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश 

डीग में अचानक मौसम का मिजाज बदल गया. तेज हवाओं के साथ जोरदार बरसात शुरू हो गई. करीब आधे घंटे की मूसलाधार बारिश से शहर के निचले इलाके जलमग्न हो गए. सड़कों पर पानी भरने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा. यहां पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस के बाद हुई इस बारिश से लोगों को राहत मिली है. तापमान में गिरावट दर्ज की गई. वहीं किसानों के चेहरे भी खिल उठे. इस बारिश को खरीफ की फसल के लिए फायदेमंद बताया जा रहा है. मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में डीग और आसपास के क्षेत्र में और बारिश हो सकती है.

ये भी पढ़ें- शादी के बाद पति को छोड़ा, लड़कियों पर टारगेट; जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ी जयपुर की बबीता का क्या था प्लान?

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close