सावधान! जयपुर में प्रसाद खिलाकर लोगों को हिप्नोटाइज कर रहे ठग, एक दिन में 2 महिलाओं के गहने और सामान लूट 

जयपुर में धार्मिक आस्था की आड़ में सक्रिय हुआ ठग गिरोह प्रसाद खिलाकर और मदद के बहाने बुजुर्गों व महिलाओं को लूट रहा है. खो-नागोरिया और जामडोली में हुई वारदातों के बाद पुलिस ने टीमें गठित कर बदमाशों की तलाश शुरू की है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
डीसीपी ईस्ट रंजिता शर्मा.

Rajasthan News: राजस्थान की राजधानी जयपुर में इन दिनों बाबा के भेष में ठगों का एक गिरोह सक्रिय हो गया है जो बेहद शातिर तरीके से लोगों को लूट रहा है. यह गैंग खास तौर पर धार्मिक स्थलों के आसपास बुजुर्गों और महिलाओं को अपना निशाना बना रहा है. हाल ही में खो-नागोरिया और जामडोली इलाके में हुई दो वारदातों ने शहर में खलबली मचा दी है.

प्रसाद खिलाकर करते हैं हिप्नोटाइज

ठगों का गिरोह वारदात के लिए बड़ी ही सुनियोजित रणनीति अपनाता है. खो-नागोरिया इलाके में एक 48 वर्षीय महिला जब मंदिर से लौट रही थी तो तीन बदमाशों ने खुद को बालाजी मंदिर का बताकर उसे बातों में उलझा लिया. आरोपियों ने महिला को प्रसाद के नाम पर कुछ खिलाया जिससे वह कथित तौर पर हिप्नोटाइज हो गई. वशीकरण के प्रभाव में महिला ने बिना विरोध किए अपने सोने के झुमके और अन्य गहने उतारकर बदमाशों को सौंप दिए और आरोपी मौके से फरार हो गए.

Advertisement

मदद के बहाने बुजुर्ग को बनाया शिकार

वहीं दूसरी घटना जामडोली इलाके में सामने आई है. यहां एक 70 वर्षीय बुजुर्ग जब पैदल जा रहे थे तो बाइक सवार दो बदमाशों ने रास्ता पूछने के बहाने उनसे बातचीत शुरू की. मदद का झांसा देकर बदमाशों ने बुजुर्ग को बाइक पर बैठा लिया और सुनसान इलाके में ले जाकर उन्हें डराया-धमकाया. इसके बाद उनके गले से सोने की चेन और पर्स छीनकर उन्हें सड़क पर धक्का देकर आरोपी रफूचक्कर हो गए.

पुलिस सतर्क, स्पेशल टीम गठित

इन घटनाओं के बाद डीसीपी ईस्ट रंजिता शर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्पेशल टीम गठित कर दी है. पुलिस को संदेह है कि इस वारदात के पीछे कोई अंतर्राज्यीय गिरोह हो सकता है जिसका कनेक्शन महाराष्ट्र से जुड़ा होने की आशंका है. सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और बदमाशों की तलाश तेज कर दी गई है.

पुलिस ने आमजन से सावधान रहने की अपील की है और कहा है कि किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा दिए गए प्रसाद, ताबीज या खाने की वस्तु को बिल्कुल न लें. अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक रहना ही इन शातिर ठगों से बचने का एकमात्र उपाय है.

यह भी पढ़ें- जैसलमेर को रेलवे ने दी दोहरी सौगात, अहमदाबाद के लिए नई रेल सेवा शुरू... 67 करोड़ में बनाया कोच केयर कॉम्प्लेक्स

Advertisement