नींबू उधार न देने पर 4 लोगों ने सब्जीवाले को पीटा, अब पुलिस ने किया ऐसा हाल कि चल भी नहीं पा रहे

महज चंद रुपयों के नींबू के लिए जयपुर में दबंगई दिखाना चार युवकों को भारी पड़ गया. उधार न देने पर दुकानदार को बेरहमी से पीटने वाले आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में हैं और ठीक से चल पाने की हालत में भी नहीं हैं.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
नींबू उधार न देना पड़ा भारी, दुकानदार को पीटा; 24 घंटे में पुलिस ने निकाला आरोपियों का 'जुलूस', लंगड़ाते आए नजर
NDTV Reporter Deepak Chawla

Jaipur News: राजस्थान की राजधानी जयपुर के जयसिंहपुरा खोर इलाके में एक दुकानदार के साथ मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है. विवाद की वजह महज नींबू उधार न देना था. इस छोटी सी बात पर आधा दर्जन युवकों ने दुकानदार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया था. हालांकि, जयपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर उनका ऐसा 'जुलूस' निकाला कि उनकी हेकड़ी निकल गई.

29 अप्रैल की घटना

घटना 29 अप्रैल की है, जब जयसिंहपुरा खोर स्थित एक सब्जी दुकान पर कुछ युवक उधार नींबू लेने पहुंचे थे. दुकानदार पप्पूलाल सैनी ने जब पुरानी उधारी और नींबू के ऊंचे भावों का हवाला देते हुए उधार देने से मना किया, तो युवक भड़क गए. आरोपियों ने दुकान में घुसकर पप्पूलाल पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया. जब उन्हें पता चला कि वारदात सीसीटीवी (CCTV) में रिकॉर्ड हो रही है, तो वे दुकानदार को घसीटते हुए बाहर ले गए और बीच सड़क पर बेरहमी से पीटा.

Advertisement

पुलिस का 'स्पेशल ट्रीटमेंट'

सोशल मीडिया पर मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद जयसिंहपुरा खोर थानाधिकारी मुकेश कुमार और उनकी टीम ने तुरंत एक्शन लिया. पुलिस ने महज 24 घंटे में चार मुख्य आरोपियों- मोहित, किशन, अमित और शैलेंद्र को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों को उसी इलाके में पैदल चलाया. वायरल वीडियो में आरोपी नंगे पैर, लंगड़ाते हुए और फटी बनियान में नजर आ रहे हैं. दबंगई दिखाने वाले ये युवक घुटनों के बल चलने को मजबूर दिखे और पुलिसकर्मी उन्हें आगे बढ़ने का निर्देश देते नजर आए.

सीसीटीवी से हुई पहचान

पीड़ित पप्पूलाल सैनी की रिपोर्ट और दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने इन आरोपियों को चिन्हित किया था. पुलिस की इस सख्त कार्रवाई का उद्देश्य अपराधियों के मन में कानून का खौफ पैदा करना और आम जनता में सुरक्षा का भाव जगाना है. इलाके के लोग पुलिस के इस एक्शन की सराहना कर रहे हैं.

गंभीर धाराओं में मामला दर्ज

थानाधिकारी मुकेश कुमार ने साफ संदेश दिया है कि छोटी-छोटी बातों पर कानून हाथ में लेने वालों का हश्र यही होगा.

ये भी पढ़ें:- स्टंटबाजी का खुमार पड़ा भारी, हाथ छोड़कर बाइक चलाने वाली युवती पर पुलिस का एक्शन