Bhinmal Khap Panchayat News: राजस्थान के जालोर शहर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सभ्य समाज और कानून व्यवस्था को दोनों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. मामला भीनमाल में रहने वाली माली समाज की दो सगी बहनों का है . इनकी शादी से पहले ही खाप पंचायत के फरमान ने पूरे परिवार को सामाजिक रूप से बहिष्कृत कर दिया.
खुशियों के आंगन में पसरा सन्नाटा
भादरड़ा रोड निवासी माली समाज के एक परिवार में ममता और डिम्पल (नाम परिवर्तित) की शादी 20 अप्रैल को होनी तय थी. घर में मंगल गीत गाए जा रहे थे और हल्दी की रस्में चल रही थीं. लेकिन इसी बीच 'पांच पट्टी' पंचायत की एक बैठक बुलाई गई और अचानक इस परिवार के सामाजिक बहिष्कार का ऐलान कर दिया गया. पंचों ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि जो भी इस शादी में शामिल होगा, उसे भी समाज से बाहर कर दिया जाएगा.
‘हुक्का-पानी बंद', रिश्तों पर भी रोक
पंचों के फरमान के बाद परिवार का सामाजिक बहिष्कार कर दिया गया है-जिसे स्थानीय भाषा में “हुक्का-पानी बंद” कहा जाता है. इतना ही नहीं, रिश्तेदारों और समाज के लोगों को चेतावनी दी गई है कि यदि वे शादी में शामिल हुए तो उन्हें भी समाज से बाहर कर दिया जाएगा.
FIR का दबाव बना कारण
मिली जानकारी के अनुसार, इस पूरे विवाद की जड़ एक पुरानी FIR है. पीड़ित परिवार के सदस्य पांचाराम माली ने समाज के 7 पंचों के खिलाफ कानूनी मामला दर्ज कराया था. इसी के बाद पंचों ने दबाव बनाने के लिए शहर और करीब 50 गांवों की पंचायत बुलाकर पूरे परिवार को निशाना बनाया.जिसका मकसद दर्ज मुकदमे को वापस लेने के लिए दबाव बनाना था.
दूल्हा पक्ष को भी धमकी
स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि पंचो ने वर पक्ष को भी शादी रद्द करने के लिए धमकियां दी जा रही हैं.पंचों के जरिए कथित तौर पर कहा जा रहा है कि 'हमारे खिलाफ कोई नहीं जा सकता, सरकार भी नहीं'.
प्रशासन से लगाई गुहार
दहशत में जी रहे परिवार और दोनों बेटियों ने अब सिस्टम से मदद मांगी है। पीड़ित पक्ष ने प्रधानमंत्री, राज्य महिला आयोग, मुख्यमंत्री , जिला कलेक्टर और पुलिस अधिकारियों से मिलकर सुरक्षा और न्याय की मांग की है. परिवार का कहना है कि वे पिछले तीन दिनों से घर में कैद जैसे हालात में हैं.
क्या कहता है भारत का संविधान
इस मामले को लेकर भारत के संविधान के अनुसार हर बालिग को अपनी पसंद से शादी करने का अधिकार है, लेकिन भीनमाल का यह मामला इस अधिकार पर खुला हमला नजर आता है.
यह भी पढ़ें; जयपुर में सन स्टार स्कूल की मनमानी का मामला, RTE में एडमिशन मिलने के बाद छात्रा से की फीस की डिमांड