जालोर के बागरा कस्बे में चोरी की वारदात सामने आई है, जहां चोरों ने एक मकान के ताले तोड़कर लाखों रुपए के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया. घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जब चोरी हुई तो परिवार के लोग अस्पताल में थे. घर में ताला लगा हुआ था. चोरों ने इसी मौके का फायदा उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया.
16 फरवरी को हुई चोरी
पीड़ित प्रागाराम पुत्र वेलाजी घांची निवासी बागरा ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 16 फरवरी 2026 की मध्यरात्रि को चोर उसके घर में घुस गए. उस समय परिवार घर पर मौजूद नहीं था. पत्नी की तबीयत खराब होने के कारण परिवार अस्पताल गया हुआ था. प्रागाराम पिछले 4 दिनों से खेत में फसल कटाई के काम में लगा हुआ था. वह भी घर पर नहीं था. इसी का फायदा उठाकर चोरों ने घर के सभी ताले तोड़ दिए.
सोने और चांदी के गहने चोरी
चोर घर से सोने की चेन, कानों के लुगजोड़ सहित अन्य सोने-चांदी के आभूषण और करीब 25 हजार रुपए नकद ले गए. पुलिस के अनुसार, चोरी हुए चांदी के आभूषणों का वजन करीब 2 किलो बताया गया है.
संदिग्धों से पूछताछ जारी
रिपोर्ट के आधार पर पुलिस थाना बागरा में मामला दर्ज किया गया है. हेड कांस्टेबल रूप सिंह को जांच सौंपी गई है. संदिग्धों से पूछताछ जारी है. पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी का समान बरामद करने की मांग की है.
यह भी पढ़ें: प्रश्नकाल के साथ शुरू होगी विधानसभा की कार्यवाही, अनुदान की मांगों पर चर्चा होगी