राजस्थान के झालावाड़ जिले के मनोहर थाना क्षेत्र से एक दुखद खबर सामने आई है. चांदपुरा भीलान गांव में दो मासूम बच्चों की पानी के गड्ढे में डूबने से मौत हो गई. कपड़े और चप्पल गड्डे के पास मिलने के बाद ग्रामीणों को हादसे का पता चला. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची.
जानकारी के अनुसार, कुछ ग्रामीण मवेशी चरा रहे थे. इस दौरान उन्हें कुछ दिन पहले जेसीबी द्वारा खोदे गए एक पानी से भरे हुए गड्ढे के पास बच्चों के कपड़े और चप्पल पड़े देखे. शक होने पर ग्रामीणों ने गड्ढे में तलाश की तो दोनों बच्चों के शव पानी में मिले. इसके बाद तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई.
दोनों बच्चे दो भाइयों के अलग-अलग बेटे
मृतकों की पहचान 9 वर्षीय नवीन भील, पुत्र दीवान भील और 10 वर्षीय भूरालाल, पुत्र इंद्र सिंह भील के रूप में हुई है. दोनों बच्चे दो भाइयों के अलग-अलग पुत्र थे. ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चों को तुरंत मनोहर थाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही मनोहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी. दोनों शवों को मनोहरथाना चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.