झालावाड़: टेंट में सो रही 2 साल की मासूम को उठा ले गया कुत्तों का झुंड, नोच-नोच कर मार डाला

झालावाड़ में आवारा कुत्तों ने सोते हुए परिवार पर कहर बरपाया. 7-8 कुत्तों का झुंड 2 साल की मासूम को टेंट से उठाकर ले गया और उसे बुरी तरह नोच डाला. अस्पताल ले जाने पर बच्ची को मृत घोषित कर दिया गया. 

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
झालावाड़ में आवारा कुत्तों 2 साल की मासूम को मार दिया.

Rajasthan News: राजस्थान के झालावाड़ शहर से एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है. शहर के भाटिया वर्कशॉप इलाके में शुक्रवार की सुबह काल बनकर आए आवारा कुत्तों के एक झुंड ने दो साल की मासूम बच्ची को अपना निवाला बना लिया. इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत और प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश देखा जा रहा है.

गहरी नींद में सो रही बच्ची पर कुत्तों का हमला

जानकारी के मुताबिक मृतक बच्ची का नाम गौरी था. वह अपने पिता राजू लाल और परिवार के साथ भाटिया वर्कशॉप के पास एक अस्थायी टेंट में सो रही थी. सुबह करीब 6 बजे जब सूरज की पहली किरण भी ठीक से नहीं निकली थी और परिवार गहरी नींद में था तभी अचानक 7-8 खूंखार कुत्तों का झुंड वहां आ धमका. कुत्ते टेंट के बाहर सो रही मासूम गौरी को जबड़े में दबोचकर करीब 50 मीटर दूर घसीटते हुए ले गए.

Advertisement

पिता की आंखों के सामने उजड़ गई दुनिया

बच्ची की चीख सुनकर पिता राजू लाल की नींद खुली. उन्होंने अपनी आंखों के सामने कुत्तों को अपनी लाड़ली को ले जाते देखा तो उनके होश उड़ गए. वह बदहवास होकर कुत्तों के पीछे दौड़े और किसी तरह उन्हें खदेड़कर बच्ची को उनके चंगुल से छुड़ाया. खून से लथपथ बच्ची को तुरंत एसआरजी अस्पताल ले जाया गया लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. डॉक्टरों ने जांच के बाद मासूम को मृत घोषित कर दिया.

काम की तलाश में आया था परिवार

मृतक बच्ची का परिवार मूल रूप से बारां जिले के भंवरगढ़ का रहने वाला है. राजू लाल करीब डेढ़ महीने पहले काम की तलाश में अपनी ससुराल झालावाड़ आए थे. वह शादियों में ढोल बजाकर अपने परिवार का पेट पालते थे. किसी ने सोचा भी नहीं था कि जिस शहर में वे बेहतर भविष्य के सपने लेकर आए थे वहां उनकी मासूम बेटी के साथ ऐसा खौफनाक हादसा हो जाएगा.

प्रशासन की अनदेखी पर फूटा जनता का गुस्सा

स्थानीय निवासियों का कहना है कि इलाके में दो दर्जन से अधिक आवारा कुत्तों का आतंक लंबे समय से बना हुआ है. लोगों का आरोप है कि नगर परिषद को कई बार शिकायत करने के बावजूद कुत्तों को पकड़ने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए.

यह भी पढ़ें- JJM Scam Rajasthan: एसीबी की रिमांड में पूर्व मंत्री महेश जोशी से पूछे जा रहे 3 सवाल, मुख्य दलाल संजय बड़ाया विदेश फरार

Advertisement