पिता की मौत का बदला लेने के लिए बेटे ने खेला खूनी खेल, सोशल मीडिया के एक स्क्रीनशॉट से खुला राज

करीब 15 साल पहले लखनसिंह ट्रक ठीक कराने हिण्डौन गया था. उसी दौरान ट्रक को धक्का लगाते समय आरोपी लोकेश के पिता जैसीराम की वाहन के नीचे आने से मौत हो गई थी. उस घटना के बाद दोनों परिवारों के बीच गहरी रंजिश चल रही थी.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
पिता की मौत का बदला लेने के लिए खूनी बना बेटा

करौली जिले के सदर थाना क्षेत्र में 15 साल पुरानी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया. पाटौरन गांव निवासी लखनसिंह मीणा की पत्थरों से कुचलकर हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी लोकेश मीणा को घटना के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया. जांच में पता चला कि आरोपी अपने पिता की मौत के लिए लखनसिंह को जिम्मेदार मानता था और उसी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया. मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है. 

15 साल पहले एक घंटना ने बोए नफरत के बीज 

पुलिस के अनुसार मृतक लखनसिंह 2 मई की शाम घर से निकला था और वापस नहीं लौटा. परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई, लेकिन साथ ही कुछ लोगों पर हत्या का संदेह भी जताया. जांच के दौरान पुलिस को सोशल मीडिया पर शराब पार्टी से जुड़ा एक स्क्रीनशॉट मिला, जिसमें कुछ युवक दिखाई दे रहे थे. लोकेशन के आधार पर पुलिस अंजनी माता मंदिर के पास पहाड़ी क्षेत्र में पहुंची, जहां टूटी बीयर बोतलें और खून के निशान मिले. थोड़ी दूरी पर नाले के पास लखनसिंह का शव पड़ा मिला. पुलिस ने एफएसएल टीम बुलाकर मौके का मुआयना कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा.

Advertisement

पूछताछ में सामने आया कि करीब 15 साल पहले लखनसिंह ट्रक ठीक कराने हिण्डौन गया था. उसी दौरान ट्रक को धक्का लगाते समय आरोपी लोकेश के पिता जैसीराम की वाहन के नीचे आने से मौत हो गई थी. उस घटना के बाद दोनों परिवारों के बीच गहरी रंजिश चल रही थी और आरोपी बचपन से ही पिता की मौत का बदला लेने की बात मन में रखे हुए था. पुलिस जांच के अनुसार, 2 मई की रात लोकेश अपने साथी अरविंद और लखनसिंह को शराब पार्टी के बहाने साथ ले गया.

बचने के लिए पत्थर के नीचे छिपा दिया मोबाइल

तीनों ने अलग-अलग स्थानों पर शराब पी. बाद में अंजनी माता मंदिर की पहाड़ियों में शराब के नशे में कहासुनी हो गई. इसी दौरान अरविंद ने बीयर की बोतल लखनसिंह के सिर पर मार दी. लखनसिंह जान बचाने के लिए भागा. इस दौरान मृतक लखन सिंह ने अपना मोबाइल फोन आरोपियों से बचने के लिए फ्लाइट मोड पर डाल दिया और एक पत्थर के नीचे छुपा दिया. फिर खुद भी छुप गया, लेकिन आरोपियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और पत्थरों से सिर कुचलकर हत्या कर दी. 

एसपी लोकेश सोनवाल ने बताया कि आरोपी लोकेश ने अपने पिता की मौत का बदला लेने के लिए यह हत्या की. 14 साल पहले लोकेश के पिता की मौत लखन के डंपर के नीचे दबने से हुई थी. तभी से वह बदला लेने की ताक में था. उसने अपने साथी अरविंद के साथ मिलकर लखन को शराब पिलाई और फिर पत्थर से हमला कर उसकी जान ले ली. पुलिस अब इस मामले में अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी है.

यह भी पढे़ं-

राजस्थान: बच्ची की चीख पुकार, शरीर पर गहरे घाव... आवारा कुत्तों के हमले में बच्ची की दर्दनाक मौत

बॉयफ्रेंड से मिलने बूंदी से कोटा आई युवती से गैंगरेप, विरोध पर प्रेमी के दोस्तों ने गर्दन पर मारी शराब की बोतल

Advertisement