विज्ञापन

राजस्थान: बच्ची की चीख पुकार, शरीर पर गहरे घाव... आवारा कुत्तों के हमले में बच्ची की दर्दनाक मौत

बच्ची झोपड़ी से कुछ दूरी पर खुले में शौच के लिए गई थी. तभी वहां मौजूद आवारा कुत्तों के झुंड ने अचानक उस पर हमला कर दिया. घायल अवस्था में परिजन बच्ची को तुरंत तालेड़ा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

राजस्थान: बच्ची की चीख पुकार, शरीर पर गहरे घाव... आवारा कुत्तों के हमले में बच्ची की दर्दनाक मौत
आवारा कुत्तों के हमले में बच्ची की दर्दनाक मौत

राजस्थान में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. अब बूंदी जिले के तालेड़ा उपखंड क्षेत्र में अल्कोदिया गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. शौच के लिए गई 10 वर्षीय बच्ची की कुत्तों के हमले में दर्दनाक मौत हो गई. इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है. हंगामे और प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर जिला प्रशासन मौके पर पहुंचा. जिला कलेक्टर हरफूल सिंह यादव ने घटना की जानकारी ली और पीड़ित परिवार से बातकर जिला प्रशासन की ओर से 1 लाख के मुआवजा देने की घोषणा की गई. 

स्कूल जाने की तैयारी में थी बच्ची

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह रिंकू रोजाना की तरह स्कूल जाने की तैयारी में थी. इसी दौरान वह झोपड़ी से कुछ दूरी पर खुले में शौच के लिए गई थी. तभी वहां मौजूद आवारा कुत्तों के झुंड ने अचानक उस पर हमला कर दिया. बच्ची की चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर दौड़े, लेकिन तब तक श्वान उसे गंभीर रूप से घायल कर चुके थे. घायल अवस्था में परिजन बच्ची को तुरंत तालेड़ा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और पूरे गांव में मातम पसर गया.

मृतक बच्ची (File Photo)

मृतक बच्ची (File Photo)
Photo Credit: NDTV

बच्ची के शरीर पर मिले गहरे घाव 

सूचना मिलते ही तालेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया. घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी गई. मौके पर एएसपी उमा शर्मा, पुलिस उपाधीक्षक राजेश टेलर और थाना प्रभारी देशराज सिंह भी पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की. बाद में शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया. डॉक्टर लक्ष्मी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्ची के शरीर पर कई गहरे घाव पाए गए, जो हमले की भयावहता को दर्शाते हैं. अस्पताल में बच्ची को जब लाए थे तब उसकी मौत हो चुकी थी.

इधर ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक लंबे समय से बना हुआ है. कई बार प्रशासन को शिकायत दी गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. इससे पहले 13 फरवरी को सीतापुरा के मॉर्डन स्कूल में भी एक बालिका पर कुत्ते ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था, जिसका इलाज अभी भी जारी है. प्रशासनिक अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है, लेकिन लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. 

पीड़ित परिवार को 1 लाख की आर्थिक सहायता का ऐलान

जिला कलेक्टर हरफूल सिंह यादव ने घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि कुत्तों के हमले में बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई. उन्होंने बताया कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवा दिया गया है. प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत प्रदान करते हुए एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है. इसके साथ ही विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के माध्यम से भी अतिरिक्त एक लाख रुपये की सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी. कलेक्टर ने बताया कि पीड़ित परिवार के पास स्वयं का आवास नहीं है, ऐसे में उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्राथमिकता से लाभ दिलाया जाएगा. ताकि उन्हें स्थायी आवास मिल सके. उन्होंने कहा कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच करवाई जा रही है और दोषियों या लापरवाही के पहलुओं को भी परखा जाएगा. 

यह भी पढे़ं-

बाबा बालक नाथ के बयान पर बवाल, सैन समाज का अल्टीमेटम; माफी नहीं मांगी तो तेज होगा आंदोलन

पश्चिम बंगाल में जीत पर भजनलाल शर्मा ने झालमुड़ी खिलाकर मनाई खुशी, सीएम ने निभाई थी अहम जिम्मेदारी

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close