सीकर के खाटूश्यामजी में चेन स्नैचिंग गिरोह एक्टिव है. हरियाणा के सिरसा से आई महिला को गिरोह ने निशाना बनाया. पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई. पीड़ित महिला के बेटे नीरज रोहिल्ला ने बताया कि वह 19 अप्रैल को अपने परिवार के 7 सदस्यों के साथ बाबा श्याम के दर्शन के लिए आए थे. दर्शन के बाद जब परिवार श्याम कुंड की ओर जा रहा था, तभी सुबह करीब 9:24 बजे 5 महिलाओं के एक गिरोह ने उनकी मां की सोने की चेन तोड़ ली.
CCTV में महिलाएं कैद
घटना का पता चलते ही नीरज और उनके भाई ने आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिनमें महिलाएं वारदात को अंजाम देती साफ नजर आईं. करीब एक घंटे बाद वही महिलाएं दोबारा उसी स्थान पर लौट आईं. दुकानदार की सूचना पर नीरज अपने भाई और होमगार्ड जवानों के साथ मौके पर पहुंचे और पांचों महिलाओं को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.
5 साल से करती थीं वारदात
जांच अधिकारी राहुल चौधरी ने बताया कि प्रीतौ उर्फ बंती कौर निवासी संगरूर पंजाब, बलजीत कौर उर्फ और अंजली पटियाला पंजाब, परमजीत कौर उर्फ पम्मी निवासी संगरूर पंजाब, जितौ कौर उर्फ लीलो निवासी संगरूर पंजाब और चरणजीत कौर निवासी मलेर कोटला पंजाब इस गिरोह की जांच में सामने आया कि यह गिरोह पिछले करीब 5 वर्षों से सक्रिय है.
खासकर रविवार और भीड़भाड़ वाले दिनों में इस तरह की वारदातों को अंजाम देता है, इससे पहले भी पुलिस इन्हें हिरासत में ले चुकी है, लेकिन पुख्ता सबूतों के अभाव में छोड़ना पड़ा था. फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है, और मामले की गहन जांच जारी है.
यह भी पढ़ें: पचपदरा रिफाइनरी में कैसे लगी आग? विशेषज्ञों की टीम करेगी जांच