कोटा: आदिल मिर्जा के बाद अब हिस्ट्रीशीटर कालू भड़क का 22 बीघा कब्जा जमींदोज, पुलिस–वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई

राजस्थान के कोटा में पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर कालू भड़क के अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया. वन भूमि पर 20 बीघा कब्जा हटाया गया. पहले आदिल मिर्जा पर भी कार्रवाई हुई थी. वहीं कालू को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया था.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
कोटा में पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर कालू भड़क के अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया

Rajasthan News: राजस्थान के कोटा जिले में पुलिस अपराधियों को सबक सिखाने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है. कुछ दिनों पहले हिस्ट्रीशीटर आदिल मिर्जा के सांगोद इलाके में बने अवैध निर्माण को जमीन से मिटा दिया गया था. अब इसी कड़ी में कोटा शहर पुलिस ने एक और कुख्यात अपराधी को निशाना बनाया है. जिसमें पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने रानपुर थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की. 

यहां हिस्ट्रीशीटर कालू भड़क ने वन विभाग की करीब 20-22 बीघा जमीन पर अवैध कब्जा कर रखा था. उसने चारदीवारी बनवाई थी और कच्चे-पक्के निर्माण भी शुरू कर दिए थे. टीम ने जेसीबी मशीनों की मदद से इन सभी निर्माणों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया. इस दौरान इलाके में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस का भारी बल तैनात रहा.

हथियारों का जखीरा लेकर पकड़ा गया था कालू

कालू भड़क कोई साधारण अपराधी नहीं है. वह हार्डकोर क्रिमिनल है और उसका लंबा आपराधिक इतिहास रहा है. कुछ दिन पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था. उसके पास से 7 पिस्टल और कई कारतूस बरामद हुए थे. यह गिरफ्तारी हथियारों के बड़े जखीरे के साथ हुई थी जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी. अब अवैध निर्माण पर कार्रवाई से पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि अपराधियों की कोई भी संपत्ति सुरक्षित नहीं रहेगी.

अपराध पर जीरो टॉलरेंस की नीति

कोटा पुलिस की यह मुहिम अपराधियों को कड़ा संदेश दे रही है. वन विभाग के साथ मिलकर की गई इस कार्रवाई से साफ है कि अवैध कब्जे और आपराधिक गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी. स्थानीय लोग इस कदम से खुश हैं क्योंकि इससे जंगल और सरकारी जमीन की सुरक्षा मजबूत हुई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे.

Advertisement

यह भी पढ़ें- Rajasthan: झुंझुनूं में पेड़ पर चढ़कर काट दी 12 घरों की बिजली, लाइनमैन जोड़ने आया तो पति-पत्नी ने कर दी धुनाई