Rajasthan News: राजस्थान के कोटा शहर से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली खबर सामने आई है. यहां रेलवे कॉलोनी थाना क्षेत्र में मात्र 100-200 रुपये के मामूली लेन-देन के विवाद में एक 10 वर्षीय मासूम बालक की बेरहमी से हत्या कर दी गई. बालक की हत्या का आरोप उसके ही एक नाबालिग दोस्त पर लगा है.
परिजनों के अनुसार, उनका बेटा सोमवार दोपहर को घर से खेलने की बात कहकर निकला था लेकिन जब शाम तक वापस नहीं लौटा तो घर में हड़कंप मच गया. परिजनों ने फौरन इसकी सूचना पुलिस को दी और गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया. पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जिसमें मृतक अपने एक नाबालिग दोस्त के साथ जाता हुआ दिखाई दिया.
पत्थर से सिर कुचलकर की हत्या
पूछताछ के दौरान आरोपी नाबालिग ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. उसने बताया कि पैसों के विवाद के कारण उसने अपने दोस्त को रेलवे वर्कशॉप के पास स्थित जंगल में बुलाया. वहां बहस होने पर उसने पत्थर से मृतक के सिर पर जोरदार वार किए जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बेखौफ होकर घर जाकर सो गया. जंगल में शव जानवरों द्वारा नोचे जाने के कारण उसकी हालत अत्यंत क्षत-विक्षत हो गई थी जिसे देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
पुलिस कर रही है गहन जांच
इस सनसनीखेज घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी सुभाष चंद्र मिश्रा सहित पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे. देर रात रेलवे वर्कशॉप के पास से शव बरामद किया गया. फिलहाल पुलिस आरोपी नाबालिग और उसके परिजनों से पूछताछ कर रही है. इस घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है और लोग इस बात से हैरान हैं कि इतनी छोटी उम्र में बच्चे के मन में हत्या जैसी दरिंदगी कैसे आ सकती है.