कोटा साइबर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3.88 करोड़ की ठगी मामले में जोधपुर से 3 आरोपी गिरफ्तार

कोटा साइबर पुलिस ने निवेश के नाम पर 3.88 करोड़ की ठगी करने वाले गिरोह के तीन और सदस्यों को जोधपुर से गिरफ्तार किया है. इस मामले में अब तक 11 आरोपी पकड़े जा चुके हैं और जांच जारी है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी.

Rajasthan News: राजस्थान की कोटा साइबर थाना पुलिस ने करोड़ों रुपए की साइबर ठगी के एक बड़े मामले में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है. पुलिस ने निवेश के नाम पर हुई 3 करोड़ 88 लाख रुपए की धोखाधड़ी के प्रकरण में तीन और आरोपियों को जोधपुर से गिरफ्तार किया है. इस मामले में अब तक कुल 11 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं.

जोधपुर से जुड़े ठगी के तार

पुलिस जांच में सामने आया है कि पकड़े गए तीनों आरोपी राहिल मोदी, आसिफुरहमान और वकील मोदी जोधपुर के निवासी हैं. जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों से पता चला कि ठगी की गई मोटी रकम राहिल मोदी और आसिफुरहमान के बैंक खातों में ट्रांसफर की गई थी. वहीं, तीसरे आरोपी वकील मोदी की भूमिका इन दोनों के खातों में पैसे जमा करवाने और लेन-देन के प्रबंधन में पाई गई है.

Advertisement

6 महीने पहले बुना था ठगी का जाल

यह पूरा मामला करीब 6 महीने पहले शुरू हुआ था. ठगों ने कोटा निवासी अनिल काला को ऊंचे रिटर्न और इन्वेस्टमेंट (निवेश) का झांसा देकर अपने जाल में फंसाया था. धीरे-धीरे करके आरोपियों ने उनसे कुल 3 करोड़ 88 लाख रुपए ऐंठ लिए. जब पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ तो उन्होंने कोटा के साइबर थाने में मामला दर्ज कराया.

पुलिस की अब तक की कार्रवाई

साइबर थाना पुलिस इस हाई-प्रोफाइल मामले की परतें खोलने में जुटी है. इस प्रकरण में 8 आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज चुकी है. हालिया गिरफ्तारियों के बाद पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह के तार और कहाँ-कहाँ जुड़े हैं और क्या इसमें कुछ और सफेदपोश लोग भी शामिल हैं.

यह भी पढ़ें- खेतों की पगडंडी से रेलवे के शीर्ष पद तक, किसान पुत्र जे.एस. मीणा बने भारत सरकार में 'चीफ ट्रैक इंजीनियर'