कोटा के एमबीएस अस्पताल में सोमवार देर रात जमकर हंगामा हुआ है. मरीज के परिजनों पर मारपीट का भी आरोप लगाया गया है. जानकारी के अनुसार, एक मरीज के परिजनों ने इलाज को लेकर नाराजगी जताते हुए ड्यूटी पर तैनात चिकित्सा कर्मी के साथ मारपीट कर दी. घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई.
चिकित्सा कर्मियों ने नारेबाजी की
मारपीट से आक्रोशित चिकित्सा कर्मियों ने तुरंत विरोध जताते हुए नारेबाजी शुरू कर दी, और कुछ समय के लिए काम बंद कर दिया. इससे अस्पताल की व्यवस्थाएं प्रभावित हो गईं, और मरीजों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभालने का प्रयास किया.
कर्मचारियों को समझा-बुझाकर शांत कराया
अस्पताल अधीक्षक धर्मराज मीणा ने मौके पर पहुंचकर चिकित्सा कर्मियों से बातचीत की, और उन्हें समझा बुझाकर शांत कराया. काफी देर तक चली बातचीत के बाद चिकित्सा कर्मी दोबारा काम पर लौटने के लिए राजी हुए. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है, और घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही जा रही है.
पुलिस ने दो लोगों को किया डिटेन
अस्पताल की स्थिति विभाग में तैनात पीड़ित विष्णु प्रकाश ने बताया कि मरीज के साथ आए तीमारदारों ने उसके साथ मारपीट भी की है, जिसकी रिपोर्ट उसने नयापुरा थाने में दर्ज कराया. इस पूरे मामले में नयापुरा थाना पुलिस ने दो लोगों को डिटेन भी किया है. नयापुरा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें: बाघ, पैंथर के डर से चीते ने छोड़ा रणथंभौर! अब रिहायशी इलाके में ढूंढ रहा ठिकाना, लोगों में डर