kota News: राजस्थान के कोटा शहर में पुलिस ने गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर चलाए गए विशेष अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है. जिला पुलिस ने 245 महंगे मल्टीमीडिया मोबाइल फोन रिकवर किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई जा रही है.
CEIR पोर्टल की मदद से खोजे 245 महंगे मल्टीमीडिया मोबाइल
जिला पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने बताया कि इस अभियान को सफल बनाने में CEIR पोर्टल ने बड़ी भूमकिा निभाई है. CEIR पोर्टल और जिले के विभिन्न थानों में दर्ज मोबाइल गुमशुदगी की रिपोर्टों के आधार पर कार्रवाई की गई. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिलीप सैनी के सुपरविजन में अलग-अलग टीमों का गठन कर तकनीकी विश्लेषण के जरिए राजस्थान सहित अन्य राज्यों से मोबाइल बरामद किए गए.
तकनीकी विश्लेषण से मिली सफलता
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) दिलीप सैनी के सुपरविजन में विशेष टीमों का गठन किया गया था. इन टीमों ने CEIR पोर्टल से प्राप्त डेटा का विश्लेषण कर विभिन्न कंपनियों के कीमती मोबाइल को ट्रेस कर बरामद किया. और उन्हें उनके वास्तविक मालिकों के सुपुर्द किया. वही अपना गुम हुआ मोबाइल पाकर सभी लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे. एसपी ने बताया कि कोटा शहर पुलिस अब तक CEIR पोर्टल की सहायता से कुल 2032 मोबाइल हैंडसेट बरामद कर चुकी है.
मोबाइल चोरी या गुम होने पर तुरंत दर्ज कराएं रिपोर्ट
पुलिस ने इस सफलता में केंद्रीय उपकरण पहचान रजिस्टर (CEIR) पोर्टल की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया. साथ ही आमजन से अपील की है कि मोबाइल चोरी या गुम होने की स्थिति में तुरंत राजस्थान पुलिस की वेबसाइट पर ऑनलाइन रिपोर्ट दर्ज करवाएं तथा CEIR पोर्टल पर मोबाइल ब्लॉक कराएं, ताकि उसके दुरुपयोग पर रोक लगाई जा सके और मोबाइल ट्रेस होने की संभावना बढ़ सके.
यह भी पढ़ें: राजस्थान में 'स्काउट-गाइड' पर सियासी संग्राम, डोटासरा ने लगाए करोड़ों के हेरफेर के आरोप