Leopard news: रणथंभौर टाइगर रिजर्व से सटे सवाई माधोपुर जिला मुख्यालय के पुराने शहर में इन दिनों दो तेंदुओं के मूवमेंट से एक बार फिर आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई है. ये दो तेंदुए पिछले कुछ दिनों से पुराने शहर के रामलीला मैदान, डूंगरपाड़ा और 72 सीढ़ी स्कूल समेत राजबाग इलाके में दिन-रात मूवमेंट करते हुए देखे जा रहे है.
दहशत में लोग, लेपर्ड को पकड़ने की मांग
कुछ महीने पहले पुराने शहर के पास एक तेंदुए ने 7 साल के बच्चे को मार डाला था. इसे याद करके स्थानीय लोगों में डर का माहौल है. ऐसे में किसी भी अनहोनी से बचने के लिए लोगों ने वन विभाग से पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ने की मांग की है. स्थानीय लोगों का कहना है कि बीती रात तेंदुआ 72 CD स्कूल के पास और एक रामलीला मैदान में देखा गया था. इसके अलावा मंगलवार रात को तो केरल पंसेरी बालाजी के पीछे भी लेपर्ड की तेज आवाज सुनाई दी , जिससे लोगों में डर है. लेपर्ड का मूवमेंट इलाके के एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुआ है.
गाय के बछड़े को बनाया शिकार
रामलीला मैदान में दिखे तेंदुए ने एक गाय के बछड़े पर हमला कर उसे अपना शिकार बना लिया था, जिसके बारे में स्थानीय लोगों ने फॉरेस्ट डिपार्टमेंट को भी जानकारी दी है. फॉरेस्ट डिपार्टमेंट के मुताबिक, तेंदुआ सोमवार रात को रामलीला मैदान इलाके में घूमता हुआ देखा गया था, जिसके बाद उसे कल रात (मंगलवार) भी उसी इलाके में घूमते हुए देखा गया.
कुछ महीने पहले बनाया था 7 साल के लड़के को शिकार
गौरतलब है कि कुछ महीने पहले सवाई माधोपुर के पुराने शहर के नीम चौक इलाके में एक तेंदुए ने 7 साल के लड़के विक्रम बंजारा पर हमला कर उसे मार डाला था और उसे अपना शिकार बना लिया था. जिसके बाद वन विभाग ने तेंदुए को पकड़कर कहीं और छोड़ दिया था। हालांकि, एक बार फिर पुराने शहर में तेंदुए के आने से स्थानीय लोगों में डर का माहौल है.
राजसमंद में वन विभाग ने पकड़ा था पैंथर
राजसमंद के केलवा में पैंथर को लेकर राहत की खबर है. इलाके में लंबे समय से पैंथर के डर से डरे हुए स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है. पैंथर को दो दिन पहले वन विभाग ने पकड़ा था. आपको बता दें कि पकड़े गए पैंथर ने हाल ही में कई पालतू मवेशियों का शिकार किया था.
भरतपुर पहाड़ी पर दिखा पैंथर का मूवमेंट
राजसमंद में पैंथर का आतंक खत्म होने के बाद भरतपुर के निठार गांव की पहाड़ी पर पैंथर का मूवमेंट देखा गया. जिसके बाद गांववालों ने फॉरेस्ट डिपार्टमेंट से रेस्क्यू की मांग की है. जिसके बाद फॉरेस्ट डिपार्टमेंट की टीम पैंथर की तलाश में जुट गई है. साथ ही गांववालों को जंगल एरिया में न जाने की चेतावनी दी गई है.