Rajasthan News: राजस्थान में दूसरे राज्यों से शराब की तस्करी जारी है. पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई के बाद भी शराब तस्करी पर लगाम नहीं लग सका है. इस बीच शराब तस्करी के अंतरराज्यीय रैकेट का पर्दाफाश किया गया है. हैरानी की बात यह है कि शराब तस्करी का रैकेट मिर्ची कारोबार के आड़ में चल रहा था. लेकिन पुलिस ने मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 75 लाख रुपये की शराब बरामद की है, जो पंजाब निर्मित है.
हनुमानगढ़ पुलिस ने अंतरराज्यीय शराब तस्करी रैकेट पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 75 लाख रुपये कीमत की अवैध पंजाब निर्मित शराब से भरा ट्रक पकड़ने में सफलता हासिल की है. पुलिस ने मिर्ची की आड़ में की जा रही शराब तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है.
16800 पव्वे और 3144 बोतल अंग्रेजी शराब
एसपी नरेंद्र सिंह मीना ने बताया कि जिला विशेष टीम के सहयोग से टाउन पुलिस ने कार्रवाई की. लखूवाली चौकी प्रभारी किशोर मान ने मय जाब्ता टाउन क्षेत्र के गांव लखूवाली के पास नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध ट्रक को रुकवाया. तलाशी लेने पर ट्रक में मिर्ची के कट्टों के बीच छिपाकर रखी गई पंजाब निर्मित भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद हुई. टाउन पुलिस ने ट्रक से 612 पेटी शराब जब्त की है, जिसमें 16 हजार 800 पव्वे और 3144 बोतल अंग्रेजी शराब शामिल हैं. जब्त शराब की बाजार कीमत करीब 75 लाख रुपये आंकी गई है.
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी लखविंद्र सिंह उर्फ लकी को गिरफ्तार किया है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह शराब पंजाब से सांचौर होते हुए तस्करी कर गुजरात ले जाई जा रही थी.
आबकारी एक्ट में दर्ज किए मामले की जांच टाउन थाना प्रभारी अशोक विश्नोई को सौंपी गई है. पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई चेन की जांच में जुट गई है.
य़ह भी पढ़ेंः ACB Action: जयपुर के Health Inspector को एसीबी ने किया ट्रैप, 5000 रुपये हर महीने रिश्वत की डील