रसोई गैस के मुद्दे पर सियासत: बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष का कांग्रेस पर पलटवार, राजेंद्र राठौड़ की विपक्ष को नसीहत

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस झूठ फैलाकर जनता में डर और भ्रम का वातावरण बनाने का प्रयास कर रही है. वहीं, गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम और पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र सिंह राठौड़ ने कांग्रेस के आरोपों को भ्रामक बताया.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

रसोई गैस के मुद्दे पर राजस्थान में सियासत गरमा गई है. कांग्रेस ने गैस सिलेंडर की सप्लाई में कमी और बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधा. इस पर बीजेपी ने भी पलटवार किया है. गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम और पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र सिंह राठौड़ ने कांग्रेस के आरोपों को भ्रामक और गैर जिम्मेदार बताया है. बेढम ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा प्रदेशवासियों को भ्रमित करने का कुत्सित प्रयास कर रहे हैं. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा स्वयं आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई की मॉनिटरिंग कर रहे हैं और अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि आमजन को किसी भी तरह की परेशानी नहीं हो. सरकार केंद्र और राज्य के समन्वय के साथ हर समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है.

मदन राठौड़ बोले- कांग्रेस अनर्गल बयानबाजी कर रही

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस झूठ फैलाकर जनता में डर और भ्रम का वातावरण बनाने का प्रयास कर रही है, जो उनकी पुरानी राजनीतिक परिपाटी रही है. राठौड़ ने कहा कि बिना तथ्यों की पुष्टि किए लगातार अनर्गल बयानबाजी की जा रही है.

जिम्मेदारी दिखाए विपक्ष- राजेंद्र राठौड़ 

बीजेपी नेता राजेन्द्र सिंह राठौड़ ने भी कांग्रेस के आरोपों को हास्यास्पद बताते हुए कहा कि वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद राजस्थान में गैस की कोई कमी नहीं है और न ही कालाबाजारी की स्थिति है. सीएम लगातार समीक्षा बैठकें कर रहे हैं. ऐसे समय में विपक्ष को घबराहट का माहौल बनाने के बजाय जिम्मेदारी दिखानी चाहिए. 

यह भी पढ़ेंः राजस्थान में LPG संकट को लेकर डोटासरा ने भजनलाल सरकार को घेरा, कहा- 11 दिन बाद सीएम जगे हैं

Advertisement