Rajasthan News: राजस्थान के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर (Madan Dilwar) की जन हिताय-जन सुखाय पदयात्रा (Jan Hitay Jan Sukhay Yatra) शनिवार को अपने दूसरे दिन में प्रवेश कर चुकी है. अपने निर्वाचन क्षेत्र रामगंज मंडी (Ramganj Mandi) के लाडपुरा पंचायत समिति क्षेत्र में ग्रामीणों के बीच पहुंचे मंत्री दिलावर ने आज की यात्रा की शुरुआत सोहनपुरा से की. इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य सीधे जनता से जुड़कर उनकी समस्याओं का समाधान करना और सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत जानना है.
ग्रामीणों के बीच चौपाल और सीधा संवाद
पदयात्रा का आज का पहला पड़ाव मोहनपुरा गांव रहा, जहां पहुंचने पर ग्रामीणों ने मंत्री का उत्साहपूर्वक स्वागत किया. मंत्री दिलावर ने ग्रामीणों के साथ चौपाल लगाकर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद अधिकारियों को तुरंत समाधान के निर्देश दिए. यात्रा के दौरान उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से फीडबैक भी लिया. जिन ग्रामीणों को अब तक योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाया है, उन्हें मंत्री ने प्रक्रिया की जानकारी दी और पात्र व्यक्तियों को जोड़ने के निर्देश दिए.
"जन हिताय-जन सुखाय पदयात्रा”...
— Madan Dilawar (@madandilawar) March 14, 2026
गाँव-गाँव संवाद, जनकल्याण का संकल्प।#जनहिताय_जनसुखाय_पदयात्रा#आपणो_अग्रणी_राजस्थान pic.twitter.com/sapZ13631M
विपक्ष पर साधा निशाना, योजनाओं की समीक्षा
अपनी इस चार दिवसीय पदयात्रा के दौरान मदन दिलावर ने पूर्ववर्ती सरकार पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के दौरान योजनाओं का लाभ केवल चुनिंदा लोगों तक ही पहुंचा था, जिससे कई पात्र लोग खाद्य सुरक्षा और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं से वंचित रह गए. उन्होंने भरोसा दिलाया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में भाजपा सरकार हर पात्र व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना सुनिश्चित कर रही है.
"जनहिताय – जनसुखाय पदयात्रा"
— Madan Dilawar (@madandilawar) March 10, 2026
(सरकार आपके द्वार, समाधान हर बार)
रामगंजमंडी विधानसभा क्षेत्र में “जनहिताय – जनसुखाय पदयात्रा” का शुभारंभ होने वाला है। यह पदयात्रा 13 मार्च से प्रारंभ होकर 16 मार्च को सम्पन्न होगी। चार दिवसीय इस जनसंपर्क पदयात्रा के दौरान लगभग 70 किलोमीटर पैदल… pic.twitter.com/QGF0O7GI06
मंदिरगढ़ में थमेगी यात्रा
सोहनपुरा और मोहनपुरा के बाद यह पदयात्रा अब मंदिरगढ़ गांव की ओर बढ़ रही है. जानकारी के अनुसार, मंदिरगढ़ पहुंचने पर यह यात्रा एक बड़ी जन चौपाल में तब्दील होगी, जहां आसपास के क्षेत्रों के लोग अपनी शिकायतें और सुझाव लेकर पहुंचेंगे. यह पदयात्रा 16 मार्च तक चलेगी और लाडपुरा पंचायत समिति के कुल 24 गांवों को कवर करेगी.
ये भी पढ़ें:- कलेक्टर समेत 6 बड़े अफसरों की कोर्ट में पेशी, मुख्यमंत्री जन आवास योजना के लाभार्थियों को जल्द मिलेंगे फ्लैट्स