Kotputli Accident: कोटपूतली के प्रागपुरा थाना इलाके में पावटा के पास हाइवे स्थित पुलिया के पास केमिकल टैंकर और ट्रेलर की जोरदार भिड़ंत हो गई. हादसे के बाद टैंकर में आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची. एहतियात के तौर पर हाईवे पर ट्रैफिक को डायवर्ट कर दिया गया ताकि किसी अन्य वाहन को नुकसान न हो और राहत कार्य में बाधा न आए.
जिला कलेक्टर प्रियंका गोस्वामी ने NDTV से बात चीत में कहा कि कोई जनहानि नहीं हुई है. टैंकर केमिकल से भरा हुआ था और जयपुर से दिल्ली की ओर जा रहा था. प्रागपुरा इलाके में पहुंचने पर टैंकर अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में जाकर सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गया.
टक्कर के बाद टैंकर हाइवे पर पलट गया. टैंकर से केमिकल का रिसाव होने लगा. टक्कर के बाद टैंकर में आग लग गई और सड़क पर केमिकल फैलने से आग की लपटे उठने लगी. इस दौरान हाइवे पर अफरा तफरी का माहौल हो गया. दूर दूर तक आग की लपटे दिखाई देने लगी. सूचना पर प्रागपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एहतियात के तौर पर ट्रैफिक को घटनास्थल से दूर रोक दिया.
इस दौरान हाइवे पर जाम लग गया और वाहनों की लंबी कतार लग गई. आग की सूचना पर करीब एक दर्जन दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया. जिला कलेक्टर प्रियंका गोस्वामी के मुताबिक हादसे में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है. समय रहते चालक व खलासी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है और टैंकर व ट्रेलर को क्रेन की सहायता से हाईवे से हटाया जा रहा है. साथ ही, पुलिस ने ट्रैफिक सुचारू करवाने के लिए एक लेन व सर्विस रोड से ट्रेफिक निकालना शुरू कर दिया है. इस बीच स्थानीय विधायक कुलदीप धनखड़ ने भी जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से बात की है.