विज्ञापन

जयपुर की 3 मंजिला कूलर फैक्ट्री में लगी भीषण आग, ऊपर रखे थे 11 सिलेंडर; दमकलकर्मियों ने जान पर खेलकर निकाला

जयपुर के बिंदायका में शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक तीन मंजिला कूलर फैक्ट्री में आग लग गई. फैक्ट्री में रखे गैस सिलेंडरों की वजह से इलाके में विस्फोट का डर था. जानें कैसे दमकल कर्मियों ने अपनी जान पर खेलकर टाली बड़ी तबाही.

जयपुर की 3 मंजिला कूलर फैक्ट्री में लगी भीषण आग, ऊपर रखे थे 11 सिलेंडर; दमकलकर्मियों ने जान पर खेलकर निकाला
NDTV Reporter@Virendra

Jaipur News: राजस्थान की राजधानी जयपुर के बिंदायका औद्योगिक क्षेत्र (Bindayka Industrial Area) में शुक्रवार सुबह एक प्लास्टिक कूलर बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग ने तीन मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया और काले धुएं का गुबार आसमान में छा गया. गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन करोड़ों का माल जलकर राख होने का अनुमान है.

केमिकल और गैस सिलेंडरों ने बढ़ाई चुनौती

पुलिस और दमकल विभाग के अनुसार, आग जिस फैक्ट्री में लगी वहां प्लास्टिक और ज्वलनशील पदार्थ भारी मात्रा में मौजूद थे. सबसे बड़ी चुनौती फैक्ट्री की ऊपरी मंजिल पर रखे गैस सिलेंडर थे. आग की लपटें सिलेंडरों तक पहुंचने ही वाली थीं कि दमकल कर्मियों और सिविल डिफेंस के जवानों ने मोर्चा संभाला. जान जोखिम में डालकर टीम ने इमारत के भीतर से 11 गैस सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकाला. अगर ये सिलेंडर फट जाते, तो आसपास की फैक्ट्रियों को भी भारी नुकसान हो सकता था.

ट्रैफिक डायवर्ट, फिलहाल कूलिंंग का काम जारी

आग की भयावहता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत बिंदायका औद्योगिक क्षेत्र की ओर जाने वाली सड़कों को बंद कर दिया. सुरक्षा कारणों से आसपास की फैक्ट्रियों को खाली कराया गया और ट्रैफिक को दूसरे मार्गों पर डायवर्ट किया गया. दमकल की कई गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. फिलहाल कूलिंग का काम जारी है ताकि मलबे के नीचे दबी आग दोबारा न भड़क उठे.

लापरवाही या शॉर्ट सर्किट? जांच शुरू

शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, लेकिन आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या फैक्ट्री में आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं. औद्योगिक क्षेत्र के अन्य संचालकों को भी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

ये भी पढ़ें:- राजस्थान विधानसभा में उठा सवाल तो शिक्षा मंत्री ने सदन में ही कर दिया अधिकारी को सस्पेंड करने का ऐलान

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close