भिवाड़ी में केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग, 7 मजदूर जिंदा जले, लोगों ने बताया- पटाखे भी बनते थे

राजस्थान के औद्योगिक नगर भिवाड़ी में एक केमिकल फैक्ट्री में सुबह भीषण आग लग गई जिसमें अब तक 7 मजदूरों के जिंदा जलकर मारे जाने की पुष्टि की गई है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

राजस्थान में खैरथल तिजारा जिले के औद्योगिक शहर भिवाड़ी में एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई है. आज, सोमवार सुबह भिवाड़ी के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में तेज धमाके हुए और उसके बाद वहां आग लग गई. मौके से आई तस्वीरों में फैक्ट्री में आग की ऊंची लपटें निकलती दिखाई दे रही थीं. शुरुआती जानकारी के अनुसार फैक्ट्री में लगी इस आग से 7 मजदूरों के जिंदा जलने की पुष्टि की जा रही है. साथ ही, कई मजदूर फैक्ट्री में फंसे हुए थे जिन्हें रेस्क्यू किया गया. आग से गंभीर रूप से घायल हुए 4 मज़दूरों को दिल्ली एम्स लाया जा रहा है. घटना के समय फैक्ट्री के अंदर 11 मजदूर काम कर रहे थे. आग की लपटें भड़कते ही कुछ मजदूर बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन कई अंदर फंसे रह गए.

स्थानीय डीएसपी डीएसपी शिवराज सिंह ने बताया कि मौतों का आंकड़ा बढ़ सकता है. डीएसपी ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री बंद थी लेकिन कुछ समय पहले उसे खोलकर वहां कुछ काम किया जा रहा था, और इस बारे में जांच की जा रही है.

Advertisement

घटनास्थल से जले हुए पटाखे भी मिले हैं. मौके पर मौजूद NDTV की टीम को स्थानीय लोगों ने बताया कि इस फैक्ट्री में पटाखे बनाए जाते थे और यह बात पूरे इलाके में सबको पता थी.

आधा दर्जन दमकल मौके पर पहुंचे

आग की सूचना पर आधा दर्जन दमकल मौके के लिए रवाना हुए और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए गए. लगभग डेढ़ घंटे तक भीषण आग लगी रही जिसे कुछ नियंत्रित किया गया. हालांकि देर तक आग पर पूरी तरह से काबू नहीं पाया जा सका और दमकल विभाग की टीमें वहां मौजूद हैं.

फैक्ट्री में आग बुझाते दमकलकर्मी
Photo Credit: NDTV

कई महीनों से बंद थी फैक्ट्री

बताया जा रहा है कि फैक्ट्री कई महीनों से बंद थी जिसमें अचानक आग लग गई. फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में गत्तों का स्टॉक पड़ा था. मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि फैक्ट्री में 3 से 4 बार तेज धमाके हुए और वहां आग लग गई. आग लगने के कारण के बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं है.

LIVE TV देखें