विज्ञापन

भिवाड़ी में केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग, 7 मजदूर जिंदा जले, 4 घायल लाए जा रहे दिल्ली एम्स

राजस्थान के औद्योगिक नगर भिवाड़ी में एक केमिकल फैक्ट्री में सुबह भीषण आग लग गई जिसमें अब तक 7 मजदूरों के जिंदा जलकर मारे जाने की पुष्टि की गई है.

भिवाड़ी में केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग, 7 मजदूर जिंदा जले, 4 घायल लाए जा रहे दिल्ली एम्स

राजस्थान में खैरथल तिजारा जिले के औद्योगिक शहर भिवाड़ी में एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई है. आज, सोमवार सुबह भिवाड़ी के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में तेज धमाके हुए और उसके बाद वहां आग लग गई. मौके से आई तस्वीरों में फैक्ट्री में आग की ऊंची लपटें निकलती दिखाई दे रही थीं. शुरुआती जानकारी के अनुसार फैक्ट्री में लगी इस आग से 7 मजदूरों के जिंदा जलने की पुष्टि की जा रही है. साथ ही, कई मजदूर फैक्ट्री में फंसे हुए हैं जिनके बचाव के लिए प्रयास किए जा रहे हैं. घटना के समय फैक्ट्री के अंदर 11 मजदूर काम कर रहे थे. आग की लपटें भड़कते ही कुछ मजदूर बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन कई अंदर फंसे रह गए. आग से गंभीर रूप से घायल हुए 4 मज़दूरों को दिल्ली एम्स लाया जा रहा है. 

Latest and Breaking News on NDTV

स्थानीय डीएसपी डीएसपी शिवराज सिंह ने बताया कि मौतों का आंकड़ा बढ़ सकता है. डीएसपी ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री बंद थी लेकिन कुछ समय पहले उसे खोलकर वहां कुछ काम किया जा रहा था, और इस बारे में जांच की जा रही है.

आधा दर्जन दमकल मौके पर पहुंचे

आग की सूचना पर आधा दर्जन दमकल मौके के लिए रवाना हुए और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए गए. लगभग डेढ़ घंटे तक भीषण आग लगी रही जिसे कुछ नियंत्रित किया गया. हालांकि देर तक आग पर पूरी तरह से काबू नहीं पाया जा सका और दमकल विभाग की टीमें वहां मौजूद हैं.

फैक्ट्री में आग बुझाते दमकलकर्मी

फैक्ट्री में आग बुझाते दमकलकर्मी
Photo Credit: NDTV

कई महीनों से बंद थी फैक्ट्री

बताया जा रहा है कि फैक्ट्री कई महीनों से बंद थी जिसमें अचानक आग लग गई. फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में गत्तों का स्टॉक पड़ा था. मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि फैक्ट्री में 3 से 4 बार तेज धमाके हुए और वहां आग लग गई. आग लगने के कारण के बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं है.

LIVE TV देखें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close