विज्ञापन

'मेरे देश की धरती...' जब जोधपुर में गजेंद्र सिंह शेखावत ने छेड़े सुर, देर रात तक झूमते रहे कार्यकर्ता

जोधपुर में बीजेपी के प्रशिक्षण महाअभियान में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का एक अलग ही रूप दिखा. लॉन में नीचे बैठने के बाद शेखावत ने हाथ में माइक लेकर 'मेरे देश की धरती' गीत गाया, जिससे कार्यकर्ताओं में भारी जोश भर गया.

Gajendra Singh Shekhawat Singing Video
NDTV

Gajendra Singh Shekhawat Singing Video: राजस्थान के जोधपुर में आयोजित 'पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान' के शुक्रवार सत्र से एक बेहद भावुक और जोश से भर देने वाला वीडियो सामने आया है. केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत (Gajendra Singh Shekhawat) ने यहां न केवल अपनी सादगी से सबका दिल जीता, बल्कि कार्यक्रम के समापन पर कुछ ऐसा किया कि वहां मौजूद हर एक कार्यकर्ता का मनोबल सातवें आसमान पर पहुंच गया.

प्रोटोकॉल को दरकिनार कर पांच घंटे से अधिक समय तक लॉन में नीचे बैठकर कार्यकर्ताओं के साथ समय बिताने के बाद, शेखावत ने देर रात हाथ में माइक थाम लिया. उन्होंने जैसे ही दिग्गज अभिनेता मनोज कुमार की फिल्म का सदाबहार देशभक्ति गीत "मेरे देश की धरती सोना उगले, उगले हीरे मोती..." गाना शुरू किया, वहां उपस्थित कार्यकर्ताओं में जोश भर उठा. और सभी उनके साथ सुर में सुर मिलाने लगे.

 जब गायक के रूप में दिखे केंद्रीय मंत्री

प्रशिक्षण शिविर के गंभीर सत्रों के बाद रात के माहौल को देशभक्ति के रंग में सराबोर करने के लिए केंद्रीय मंत्री ने खुद कमान संभाली. उन्होंने एक राजनेता के साथ-साथ एक सह-कार्यकर्ता की भूमिका निभाते हुए रात के समय कार्यकर्ताओं के बीच बैठकर सुर में सुर मिलाए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब केंद्रीय मंत्री ने माइक पर अपनी आवाज में देशभक्ति गीतों की तान छेड़ी दी. जिससे वहां मौजूद सभी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ गया.

'राष्ट्र प्रथम' के संकल्प के साथ महाअभियान का समापन

इससे पहले अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री शेखावत ने पार्टी के मूल सिद्धांतों पर जोर देते हुए कहा था कि भाजपा के लिए सत्ता सिर्फ समाज सेवा का माध्यम है, अंतिम लक्ष्य नहीं. उन्होंने 'एकात्म मानववाद' और 'अंत्योदय' का जिक्र करते हुए कार्यकर्ताओं से धरातल के साथ-साथ डिजिटल मोर्चे पर भी सक्रिय रहने की अपील की थी. लेकिन, कार्यक्रम के अंत में उनके इस 'म्यूजिकल सरप्राइज' ने इस प्रशिक्षण शिविर को हमेशा के लिए यादगार बना दिया.

यह भी पढ़ें: Marco Rubio Rajasthan Visit: जेडी वेंस के बाद अब मार्को रूबियो बनेंगे जयपुर के 'विशेष मेहमान', स्वगत के लिए सज धज कर तैयार हो रही पिंक सिटी

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close