निकाय चुनावः सीकर के 11 निकायों पर 9 और 11 सितंबर को वोटिंग की तैयारी तेज, फतेहपुर में बदली तारीख

सीकर की फतेहपुर नगर परिषद के लिए पहले 11 सितंबर को वोटिंग होनी थी लेकिन अब यह आगे खिसक गई है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
सीकर में मतदान की तैयारियों में जुटे सरकारी कर्मचारी
NDTV

सीकर जिले में आगामी नगरीय निकाय चुनाव को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक तैयारियां तेज हो गई हैं. टिकट आवेदन की समय सीमा समाप्त होने के बाद भाजपा, कांग्रेस सहित अन्य राजनीतिक दलों ने प्रत्याशियों के चयन को लेकर मंथन शुरू कर दिया है. पार्टी कार्यालयों में दावेदारों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें आयोजित कर वार्डवार प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा की जा रही है. इसी क्रम में आज भाजपा और कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठकें भी आयोजित की जा रही हैं. 

फतेहपुर में 9 सितंबर को होगा मतदान

सीकर जिले की 14 नगरीय निकायों में चुनाव दो चरणों में होंगे. पहले चरण में 9 सितंबर को लक्ष्मणगढ़, खाटूश्यामजी, दांता, नीमकाथाना, श्रीमाधोपुर, खंडेला, रींगस, अजीतगढ़ और पलसाना नगरपालिकाओं के साथ अब फतेहपुर नगर परिषद में भी मतदान होगा. दरअसल, फतेहपुर नगर परिषद का चुनाव पहले दूसरे चरण में 11 सितंबर को प्रस्तावित था, लेकिन अब राज्य निर्वाचन आयोग ने इसकी तारीख में बदलाव करते हुए 9 सितंबर को मतदान कराने की स्वीकृति दे दी है.

Advertisement

एडीएम अनिल कुमार ने बताया कि 11 सितंबर को भाद्रपद अमावस्या होने के कारण फतेहपुर शहर में भारी भीड़, ट्रैफिक दबाव और मेले का आयोजन रहता है. आमजन की ओर से जिला निर्वाचन अधिकारी के समक्ष चुनाव की तारीख बदलने का अनुरोध किया गया था. इसके बाद जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से प्रस्ताव राज्य निर्वाचन आयोग को भेजा गया, जिसे आयोग ने मंजूरी दे दी. 

दूसरे चरण में 11 सितंबर को वोटिंग

दूसरे चरण में नगर परिषद सीकर सहित रामगढ़ शेखावाटी, लोसल और धोद नगरपालिकाओं में 11 सितंबर को मतदान होगा. सभी नगरीय निकाय चुनावों की मतगणना 14 सितंबर को की जाएगी. एडीएम अनिल कुमार ने आमजन से शांतिपूर्ण और समन्वय के साथ चुनाव प्रक्रिया में सहयोग करने तथा अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की. उन्होंने कहा कि चुनाव में लगे सरकारी कार्मिक, जनप्रतिनिधि और आमजन आपसी समन्वय से चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने में सहयोग करें.

ये भी पढ़ें-: क्या कभी सुना है कि बीजेपी और कांग्रेस ने गठबंधन किया? 6 साल पहले दोनों पार्टियों ने मिलकर लड़ा था चुनाव