Rajasthan News: राजस्थान के नागौर जिले में स्थित मारवाड़ मूंडवा रेलवे स्टेशन पर उस समय अफरा तफरी मच गई जब अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने यात्रियों पर हमला कर दिया. अचानक हुई इस घटना से स्टेशन पर मौजूद लोग घबरा गए और कुछ ही देर में पूरा प्लेटफॉर्म लगभग खाली हो गया.
महिला यात्रियों पर गिरा मधुमक्खियों का छत्ता
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्टेशन पर बैठी दो महिला यात्रियों के पास अचानक मधुमक्खियों का छत्ता गिर गया. इसके बाद मधुमक्खियां बड़ी संख्या में उन पर टूट पड़ीं. एक महिला ने खुद को बचाने के लिए तुरंत चद्दर ओढ़ ली और काफी देर तक उसी तरह बैठी रही. इसके बावजूद मधुमक्खियां उसके आसपास मंडराती रहीं.
यात्रियों ने मदद के लिए फेंकी चद्दर
घटना के दौरान वहां मौजूद अन्य यात्रियों ने हिम्मत दिखाते हुए महिला की मदद की. उन्होंने दूर से एक और चद्दर उसकी ओर फेंकी ताकि वह खुद को और अच्छी तरह ढक सके. महिला ने दोनों चद्दर ओढ़कर किसी तरह खुद को बचाए रखा. दूसरी महिला भी काफी देर तक शॉल ओढ़कर बैठी रही ताकि मधुमक्खियों के हमले से बच सके.
एम्बुलेंस पहुंची, पीपीई किट पहनकर किया रेस्क्यू
घटना की सूचना मिलते ही 108 Ambulance Service की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. एम्बुलेंस स्टाफ ने सुरक्षा के लिए पीपीई किट पहनकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाला और इलाज के लिए मूंडवा के अस्पताल पहुंचाया. फिलहाल महिला का उपचार जारी है.
टिकट लेने पहुंचे लोग भी डर के साये में
मधुमक्खियों के हमले के बाद स्टेशन पर कुछ समय तक दहशत का माहौल बना रहा. जिन यात्रियों को यात्रा करनी थी वे अपने मुंह और शरीर को कपड़े से ढककर टिकट खिड़की तक पहुंचे. इस घटना ने स्टेशन पर मौजूद लोगों को काफी देर तक डरा कर रखा.
यह भी पढ़ें- कौन हैं UPSC टॉपर राजस्थान के अनुज अग्निहोत्री? जोधपुर-कोटा में पढ़ाई...पापा करते हैं यह काम, जानें सबकुछ