नीमकाथाना में बड़ा खान हादसा, पहाड़ी दरकने से मलबे में दबे 4 मजदूर और मशीनें; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Rajasthan News: राजस्थान के सीकर में नीमकाथाना के झरिंडा गांव के श्याम क्रशर खान में लैंडस्लाइड का मामला सामने आया है जिसमें मलबे में 4 मजदूर और 2 डंपर दब गए.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
Neemtkahtana Mine Accident
NDTV

Neemtkahtana Mine Accident: राजस्थान के सीकर जिले के नीमकाथाना इलाके में गुरुवार देर शाम एक भीषण खान हादसा सामने आया है. मोकलवास ग्राम पंचायत के झारिंडा गांव स्थित 'श्याम क्रेशर खान' में अचानक लैंड स्लाइडिंग (पहाड़ी दरकना) होने से अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में खान में काम कर रहे चार मजदूर, दो डंपर और दो एलएनटी (LNT) मशीनें भारी पत्थरों के नीचे दब गईं.

तीन मजदूरों को सुरक्षित निकाला गया

हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद अन्य श्रमिकों और स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया.  मलबे में दबे चार मजदूरों में से तीन को कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.  घायल मजदूरों को तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए कोटपुतली अस्पताल रेफर किया गया है.

Advertisement

एक मजदूर अब भी मलबे में दबा

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, एक मजदूर अभी भी लैंड स्लाइडिंग के कारण गिरे विशाल पत्थरों के नीचे दबा हुआ है. रात का समय होने और पहाड़ी क्षेत्र में अत्यधिक अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. मौके पर मौजूद टीमें और एलएनटी मशीनें पत्थरों को हटाकर दबे हुए मजदूर तक पहुंचने का प्रयास कर रही हैं.

प्रशासन और पुलिस मौके पर मौजूद

घटना की सूचना मिलते ही नीमकाथाना सदर थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी दल-बल के साथ झारिंडा गांव पहुंचे.अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं. खान में अचानक हुए इस भूस्खलन के कारणों की भी जांच की जा रही है. वर्तमान में स्थानीय प्रशासन की प्राथमिकता मलबे में दबे आखिरी मजदूर को सुरक्षित बाहर निकालना है, जिसके लिए युद्ध स्तर पर प्रयास जारी हैं.

यह भी पढ़ें: Rajasthan: गैंगस्टर रोहित गोदारा के इशारे पर कांग्रेस नेता के घर हुई फायरिंग, वीडियो कॉल कर पहले की थी लोकेशन कन्फर्म