Weather Alert: राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने से बारिश के साथ कहीं-कहीं ओले गिरे, जिससे पारा लुढ़क गया. लोगों को गर्मी से राहत मिली है. मौसम केंद्र जयपुर के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 48 घंटों में सबसे अधिक बारिश जैसलमेर में 13.1 मिलीमीटर दर्ज की गई. 31 मार्च तक कहीं-कहीं बारिश और आंधी का अलर्ट है.
मेघगर्जन के साथ बारिश का अलर्ट
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से भरतपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है. अधिकांश भागों में आने वाले दो-तीन दिन मौसम शुष्क रहेगा. आगामी दिनों में बैक टू बैक पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से आंशिक बादल छाए रहेंगे. 26-27 मार्च को पूर्वी और उत्तरी भागों में छुटपुट स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है.
28 मार्च से नया पश्चिमी विक्षोभ होगा एक्टिव
एक और नया मजबूत पश्चिमी विक्षोभ 28-31 मार्च के दौरान राज्य के कुछ भागों में सक्रिय होगा. इसकी वजह से मेघगर्जन के साथ आंधी-बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने अजमेर, सीकर, बारां जिलों और आसपास के क्षेत्रों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. अलग-अलग स्थानों पर मेघगर्जन के साथ बूंदाबांदी के साथ हल्की बारिश और कहीं-कहीं पर तेज़ हवा (20-30 kmph) की संभावना है.
कोटा में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सयस
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को राजस्थान का तापमान कम रहा. अधिकतम तापमान अजमेर में 30.2 डिग्री, अलवर में 27.5 डिग्री और राजधानी जयपुर में 28.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ. इसी प्रकार पिलानी में 29.5 डिग्री, सीकर में 28.5 डिग्री, कोटा में 30.8 डिग्री और चित्तौड़गढ़ में 32.6 डिग्री सेल्सियस रहा.
यह भी पढ़ें: डीजल-पेट्रोल की कमी की अफवाह से राजस्थान में हड़कंप, तेल के लिए पेट्रोल पंपों पर लगी लंबी लाइनें