राजस्थान में सोमवार शाम को कई जगह अचानक से पेट्रोल पंप पर लंबी-लंबी लाइनें लग गईं. कोई बोतल लेकर तो कोई डिब्बा लेकर तेल भरवाने के लिए पेट्रोल पंप पहुंच गया. बताया जा रहा है कि ईरान-इजराइल और अमेरिका के बीच युद्ध के कारण डीजल-पेट्रोल संकट की अफवाह के बाद पेट्रोल पंप पर भारी भीड़ उमड़ गई. तेल संकट की अफवाह से कई इलाकों में अफरातफरी मच गई और लोग अपने-अपने वाहन लेकर डीजल और पेट्रोल के लिए पहुंच गए. इस दौरान कई जगह तो भारी ट्रैफिक जाम की भी स्थिति बन गई.
डीजल-पेट्रोल की कमी की अफवाह फैली
दरअसल, सोमवार देर शाम अचानक यह चर्चा फैल गई कि क्षेत्र में पेट्रोल डीजल की कमी होने वाली है. वही पेट्रोल पंप पर स्टॉक खत्म होने वाला है. यह खबर इलाके में आग की तरह फैल गई और स्थानीय लोग अपने- अपने वाहनों को लेकर पंपों की ओर दौड़ पड़े. जिन पेट्रोल पंपों पर स्टॉक उपलब्ध था, वहां स्थिति इतनी अनियंत्रित हो गई कि ट्रैफिक जाम जैसे हालात बन गए. लोगों में डर था कि अगर आज पेट्रोल नहीं भरवाया, तो आने वाले दिनों में आवाजाही ठप हो जाएगी.
बीकानेर-डूंगरपुर में पेट्रोल पंप पर लगी लाइनें
इस अफवाह का असर बीकानेर और डूंगरपुर जिले में देखने को मिला. डूंगरपुर शहर, आसपुर और सागवाड़ा क्षेत्र में पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोग बोतलों व जरीकेन के साथ ईंधन जुटाने की जद्दोजहद करते नजर आए. डूंगरपुर में पेट्रोल पंप एसोसिएशन ने स्थिति को स्पष्ट करते हुए बताया कि पिछले दो दिनों में ईद और रविवार की छुट्टियां होने के कारण डिपो से तेल के टैंकर नहीं पहुंच पाए थे. इसी वजह से कुछ पंपों पर स्टॉक अस्थाई रूप से कम हुआ था, जिसे लोगों ने भारी किल्लत समझ लिया.

पेट्रोल पंप एसोसिएशन ने तेल किल्लत को बताया अफवाह
बढ़ती भीड़ को देखते हुए पेट्रोल पंप एसोसिएशन व जिला रसद अधिकारी ने बताया कि आज देर रात तक टैंकर पहुंच जायेंगे. क्षेत्र में डीजल-पेट्रोल की कोई कमी नहीं है, स्टॉक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है. इसलिए घबराने की जरूरत नहीं है. एसोसिएशन ने लोगों से अनावश्यक रूप से कतारें न लगाने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है. वहीं बीकानेर में पेट्रोल पंप एसोसिएशन ने तेल की कमी की खबर को अफवाह को बताया है. HPCL अधिकारियों ने भी साफ किया कि पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है.
मुख्यमंत्री बोले- पेट्रोल-डीजल और गैस पर्याप्त उपलब्ध
उधर मुख्यमंत्री आवास पर आज ही हाईलेवल मीटिंग में सीएम भजनलाल ने साफ किया है कि प्रदेश में पेट्रोल-डीजल, गैस और उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है और आमजन को घबराने की आवश्यकता नहीं है. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अवैध भंडारण, रिफिलिंग और अनियमितताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि एलपीजी आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए 181, 112 और 14435 हेल्पलाइन नंबर 24 घंटे संचालित हैं. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में किसी भी तरह की कृत्रिम कमी, जमाखोरी या कालाबाजारी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
जिला प्रशासन, पुलिस और रसद विभाग को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं ताकि आम उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर की डिलीवरी मिल सके. शादी-विवाह जैसे बड़े आयोजनों के लिए भी गैस सिलेंडर की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं. साथ ही, निर्धारित समय के बाद रिफिलिंग के लिए आवेदन करने वाले उपभोक्ताओं को बिना विलंब सेवा देने के निर्देश दिए गए हैं. मुख्यमंत्री ने सिटी गैस वितरण नेटवर्क के विस्तार पर भी जोर दिया, ताकि एलपीजी पर निर्भरता कम हो सके. उन्होंने पाइप्ड नैचुरल गैस कनेक्शन तेजी से देने और वाणिज्यिक इकाइयों को इसे अपनाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए.