विज्ञापन

राजस्‍थान वालों को अभी बार‍िश से नहीं म‍िलेगी राहत, पढ़ लें मौसम व‍िभाग का नया अपडेट

राजस्‍थान के 23 ज‍िलों में बार‍िश का येलो अलर्ट है. 30-40 क‍िलोमीटर प्रत‍ि घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी. हल्‍की से मध्‍यम बार‍िश का अनुमान है. 

राजस्‍थान वालों को अभी बार‍िश से नहीं म‍िलेगी राहत, पढ़ लें मौसम व‍िभाग का नया अपडेट
राजस्थान में बारिश का दौर जारी रहेगा.
IANS

दक्षिण-पश्चिम मानसून के दोबारा सक्रिय होने से राजस्थान की राजधानी जयपुर समेत राज्य के कई शहरों और कस्बों में जोरदार बारिश हुई.  भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आगामी दिनों में कई स्थानों पर भारी से अत्यधिक भारी वर्षा होने का पूर्वानुमान जताया है. आईएमडी के जयपुर केंद्र के अनुसार, शुक्रवार को दिन में अलवर में 19.4 मिलीमीटर, जयपुर और दौसा में 4.0 मिलीमीटर तथा संगरिया में 3.5 मिलीमीटर बारिश हुई. इसके अलावा राज्य में चुरू, पिलानी व डूंगरपुर समेत कई और जगह भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. 

रुक-रुककर होती रही बरिश 

राजधानी जयपुर में बृहस्पतिवार देर रात से रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रहा.  शुक्रवार दिन भर शहर और आसपास के क्षेत्रों में घने बादल छाए रहे तथा कई स्थानों पर रुक रुक कर वर्षा होती रही.  इससे अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस से अधिक की कमी आई है. 

कुछ दिनों तक भारी बारिश का पूर्वानुमान 

मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अगले कुछ दिन तक तेज बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान है. मौसम केंद्र जयपुर के प्रवक्ता ने बताया कि ऊपरी परिसंचरण तंत्र शुक्रवार को भी उत्तर प्रदेश के दक्षिण-पश्चिमी भागों व आसपास के क्षेत्र के ऊपर बना हुआ है.  मौसम केंद्र के अनुसार एक और परिसंचरण तंत्र पूर्वी भारत में उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी व आसपास बना हुआ है इसके आगामी 24 घंटों में तीव्र होकर कम दाब क्षेत्र में परिवर्तित होने की संभावना है. 

श्रीगंगानगर-दिल्ली से गुजर रही ट्रफ लाइन 

आज मानसून ‘ट्रफ लाइन' श्रीगंगानगर, दिल्ली से होकर गुजर रही है. मौसम केंद्र के अनुसार इससे पूर्वी राजस्थान के अधिकांश भागों में आगामी एक सप्ताह मानसून सक्रिय रहने व बारिश की गतिविधियां जारी रहने का पूर्वानुमान है. मौसम केंद्र ने बताया कि आठ-दस अगस्त को भरतपुर, जयपुर, कोटा, अजमेर, उदयपुर संभाग के कुछ भागों में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है.  इस दौरान पूर्वी भागों के कुछेक स्थानों पर अत्यधिक बारिश हो सकती है. 

15 अगस्त से बारिश में कमी आने की संभावना 

मौसम केंद्र के अनुसार, पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग के कुछ भागों में आठ से दस अगस्त के दौरान बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने व मध्यम से कुछ स्थानों तेज बारिश होने का पूर्वानुमान है. हालांकि 15 अगस्त से राज्य के अधिकांश भागों में बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी.  

इन जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी 

चूरू, झुंझुनू, सीकर, जयपुर, डीडवाना-कुचामन, टोंक, अलवर, कोटपूतली-बहरोड़, डीग, सवाई माधोपुर, करौली, दौसा, भरतपुर, धौलपुर, नागौर, अजमेर, बूंदी, खैरथल-तिजारा, कोटा, बारां एवं झालावाड़ जिलों तथा आस-पास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम मेघगर्जन के साथ अचानक तेज हवाएँ 30-40 किमी/घंटा तथा हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. 

यह भी पढ़ें: कर्मचारियों के बीमा में बदलाव, पंचायत-निकाय चुनाव... कैबिनेट बैठक में कई प्रस्ताव पर मुहर

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close