विज्ञापन

जयपुर में ओपन जेल के कैदी को गोली मारकर हत्‍या, बाइक से जेल जाते समय वारदात

कैदी हीस्‍ट्रीशीटर की हत्‍या करने पर सजा काट रहा था. वह घर से वापस जेल जा रहा था. तभी बदमाशों ने गोली मार दी. 

जयपुर में ओपन जेल के कैदी को गोली मारकर हत्‍या, बाइक से जेल जाते समय वारदात
कैदी की हत्या के बाद घटना स्थल से साक्ष्य जुटाते पुलिसकर्मी.
NDTV Reporter

जयपुर के करणी विहार थाना क्षेत्र में बुधवार शाम सांगानेर ओपन जेल के एक कैदी की गोली मारकर हत्या कर दी गई. वारदात धावास स्थित जानकी विहार इलाके में हुई. मृतक की पहचान गंगासहाय कुमावत के रूप में हुई है. गंगासहाय ओपन जेल से अपने घर धावास आया था, और शाम करीब 5 बजे बाइक से वापस जेल की ओर जा रहा था. इसी दौरान स्कूटी सवार दो बदमाशों ने उसका पीछा कर उस पर तीन गोलियां दाग दीं. 

सिर में लगी गोली 

एक गोली उसके सिर में लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए. गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी. 

हिस्ट्रीशीटर की हत्या की थी 

पुलिस जांच में सामने आया है कि गंगासहाय वर्ष 2018 में मोती डूंगरी इलाके के हिस्ट्रीशीटर महेंद्र गुर्जर की हत्या के मामले में आरोपी था. इस मामले में उसे सजा हो चुकी थी. वह फिलहाल सांगानेर ओपन जेल में सजा काट रहा था. जानकारी के मुताबिक, 23 अप्रैल 2018 को महेंद्र गुर्जर अपनी बाइक से मकान संभालने गया था. इसके बाद गंगासहाय ने कथित तौर पर गुस्से में आकर महेंद्र पर हमला कर दिया था, जिसमें उसकी मौत हो गई थी. इस मामले में गंगासहाय को जेल की सजा हुई थी. 

घर से जेल जा रहा था कैदी 

बुधवार को गंगासहाय ओपन जेल से बाहर आया था. शाम को वापस जेल की ओर जा रहा था. इसी दौरान हमलावरों ने उसकी रेकी कर वारदात को अंजाम दिया. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि हमलावरों को गंगासहाय के आने-जाने की जानकारी कैसे मिली और हत्या के पीछे पुरानी रंजिश थी या कोई नया विवाद. 

वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए. पुलिस की अलग-अलग टीमें मौके से साक्ष्य जुटा रही है. आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. FSL टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है. 

यह भी पढ़ें: राजस्थान में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित, मुकंदरा टनल में भरा पानी; अगले 48 घंटे के लिए अलर्ट

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close