Rajasthan News: राजस्थान के पाली जिले के सोजत उपखण्ड से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली और रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक बेटे ने ही अपने पिता की बेरहमी से हत्या कर दी. जिस पिता की लाश को ढूंढने का नाटक बेटा कर रहा था, असल में वही उसका कातिल निकला. पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सूझबूझ से महज कुछ ही घंटों में इस अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझा लिया है.
खेत में खून से लथपथ मिली थी लाश
घटना सोजत के धाकड़ी गांव की है. मंगलवार शाम को 50 वर्षीय चुन्नीलाल सीरवी अपने खेत पर रखवाली करने गए थे. जब वे काफी देर तक घर नहीं लौटे तो उनके दोनों बेटे शेराराम और भीकाराम उन्हें ढूंढने खेत पहुंचे. वहाँ चुन्नीलाल की बॉडी खून से लथपथ हालत में मिली. उनके सिर पर लाठी, लोहे की रॉड और भारी पत्थरों से हमला किया गया था जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी.
पुलिस को सताया शक और खुल गया राज
सूचना मिलते ही उप पुलिस अधीक्षक रतनाराम देवासी और शिवपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. एफएसएल (FSL) और एमओबी (MOB) टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. जांच के दौरान पुलिस को मृतक के बेटे भीकाराम की बातों और रिपोर्ट में दिए गए तथ्यों में काफी अंतर नजर आया. जब साइबर सेल और फील्ड इंटेलिजेंस की मदद से भीकाराम से सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया.
क्यों बना बेटा अपने ही पिता का कातिल?
पूछताछ में आरोपी पुत्र भीकाराम ने जो खुलासा किया वह हैरान करने वाला था. उसने बताया कि उसका पिता शराब का आदी था जिसके कारण समाज में परिवार की बदनामी हो रही थी. शराब की इसी लत की वजह से दोनों भाइयों की सगाई और शादी के रिश्तों में अड़चनें आ रही थीं. वारदात वाले दिन भी परिवार को एक लड़की देखने जाना था लेकिन पिता शराब के नशे में धुत थे. इसी बात से गुस्सा होकर भीकाराम ने धारदार हथियार और पत्थरों से सिर कुचलकर अपने पिता को मौत के घाट उतार दिया.
पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयसिंह तंवर के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने सीसीटीवी फुटेज और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को दबोच लिया. पुलिस अब वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियारों की बरामदगी में जुटी है. इस त्वरित कार्रवाई ने पुलिस की कार्यशैली पर आमजन का विश्वास और मजबूत किया है.
यह भी पढ़ें- जयपुर के होटल में कॉन्स्टेबल ने युवती से किया रेप, अब सलाखों के पीछे पहुंचा पुलिसकर्मी