जैसलमेर में पुराना मोर्टार बम मिलने से फैली दहशत, पुलिस ने एरिया सील कर बोरे में किया बंद

जैसलमेर के एक गांव के पास एक पुराना मोर्टार बम मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया. गांव के पास सुनसान इलाके में बम दिखने के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल व्याप्त है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
जैसलमेर में मिला मोर्टार बम

Rajasthan News: देश की पश्चिमी सरहद पर बसे जैसलमेर के म्याजलार थाना क्षेत्र में स्थित फुलिया गांव के पास एक पुराना मोर्टार बम मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया. गांव के पास सुनसान इलाके में बम दिखने के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल व्याप्त है. बम दिखाई देने के बाद घबराए ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही म्याजलार थाना के थानाधिकारी सज्जन सिंह मय जाब्ता मौके पर पहुंचे और बम के आस पास के इलाके में लोगों की भीड़ को दूर किया.

मोर्टार बम काफी पुराना

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह मोर्टार बम काफी पुराना हो सकता है. सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण यहां अक्सर सेना के युद्धाभ्यास होते रहते हैं. ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि किसी पूर्व सैन्य अभ्यास के दौरान यह बम यहां रह गया होगा, जो उस समय फटा नहीं. हालांकि इसकी वास्तविक स्थिति और उम्र का पता सेना के आयुध विशेषज्ञों द्वारा ही लगाया जा सकेगा. पुलिस ने इस पूरे मामले की सूचना भारतीय सेना को दे दी है और अब सेना के बम निरोधक दस्ते का इंतजार किया जा रहा है. दस्ता मौके पर पहुंचकर बम की जांच करेगा और उसे सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करेगा.

Advertisement

पूरे इलाके की घेराबंदी 

थाना प्रभारी सज्जन सिंह ने बताया कि फुलिया गांव से 2 किलोमीटर दूर सुनसान इलाके में बम मिलने की सूचना मिली थी, जिस पर हमारी टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया और  सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करते हुए बम के चारों ओर रेत के कट्टे लगाकर उसे सुरक्षित तरीके से कवर किया गया, ताकि किसी भी संभावित खतरे को टाला जा सके. साथ ही एहतियात के तौर पर पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और आमजन की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है.

सम्भवतः यह जिंदा मोर्टार बम है, जिसकी सूचना सेना के बम निरोधक दस्ते को दी गई है. अब सेना के दस्ते के आने के बाद बम डिफ्यूज किया जाएगा.

आपको बता दें कि पहले भी कई बार इस इलाके में ग्रेनाइट,पुराने बम या निष्क्रिय बम मिलने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे स्थानीय लोगों में हमेशा सतर्कता बनी रहती है.फिलहाल प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है. एरिया को सुरक्षित किया गया है, ताकि कोई अनहोनी ना हो जाए.

यह भी पढ़ेंः राजस्थान में गर्मी की फिर चेतावनी, 45 डिग्री पहुंचेगा पारा... सभी शहरों में बढ़ा 2-3 डिग्री सेल्सियस तापमान

Advertisement