Rajasthan News: राजस्थान के कृषि मंत्री डॉ किरोड़ीलाल मीणा शुक्रवार को दौसा जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे. जिला कलेक्टर से मुलाकात के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत की. इस दौरान उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर जमकर हमला बोला और राज्य सरकार के कामकाज का बचाव किया.
दो साल बनाम पांच साल का विकास
मीडिया के सवालों पर डॉ किरोड़ीलाल मीणा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा प्रदेश को गांवों की समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ा रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि पिछले दो वर्षों में जितना विकास हुआ है उतना कांग्रेस के पांच साल के शासन में भी नहीं हुआ. उन्होंने कहा कि कृषि सहित हर क्षेत्र में सरकार ने ठोस काम किए हैं.
भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई का दावा
कृषि मंत्री ने कहा कि मौजूदा सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बिना दबाव के कार्रवाई की है. उन्होंने स्पष्ट किया कि अब तक 103 एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं. एफआईआर के बाद जांच पुलिस और न्यायिक प्रक्रिया के तहत होती है. किसी मंत्री का काम किसी को पकड़कर जेल भेजना नहीं होता.
छापों और मुस्कुराने वाले बयान पर जवाब
गोविंद सिंह डोटासरा के उस बयान पर जिसमें उन्होंने कहा था कि कृषि मंत्री के छापे बंद हो गए हैं और वे मुस्कुराते रहते हैं डॉ मीणा ने कहा कि डोटासरा को हकीकत की जानकारी नहीं है. उन्होंने कहा कि वे स्वभाव से खुश रहते हैं और कार्रवाई लगातार जारी है.
पेपर लीक मामले पर पलटवार
पेपर लीक और ओएमआर शीट प्रकरण पर डोटासरा के बयान को लेकर कृषि मंत्री ने कहा कि अगर 2013 से जांच कराई जाए तो कई मंत्री जेल जाएंगे. उन्होंने सवाल उठाया कि डोटासरा खुद 2018 से 2022 23 तक मंत्री और पीसीसी अध्यक्ष रहे तब उन्होंने किसी को जेल क्यों नहीं भेजा.
जनता का ध्यान भटकाने का आरोप
डॉ किरोड़ीलाल मीणा ने आरोप लगाया कि गोविंद सिंह डोटासरा फालतू बयानबाजी कर जनता का ध्यान असली मुद्दों से भटका रहे हैं. उन्होंने कहा कि सरकार कानून के दायरे में रहकर अपना काम कर रही है और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी.
यह भी पढ़ें- क्या सलमान खान कल आएंगे जयपुर? उपभोक्ता अदालत में पेश होने के लिए वारंट जारी