अजमेर में आज पीएम मोदी की जनसभा, CM भजनलाल शर्मा ने खुद व्‍यवस्‍थाओं का ल‍िया जायजा 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली को लेकर सुबह से ही ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया गया है. तैयारियां पूरी हो गई है, सुरक्षा व्यवस्था में प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अजमेर में जनसभा को संबोधित करेंगे. (फाइल फोटो)

अजमेर की कायड़ विश्राम स्थली में आज सुबह 11 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे. कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सभा स्थल और वैक्सीनेशन सेंटर का अवलोकन कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. अजमेर जिला प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और आमजन की सुविधाओं को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है. पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद है, और अधिकारियों द्वारा लगातार ब्रीफिंग कर कानून-व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है. दौरे को देखते हुए आज सुबह 6 बजे से शहर में विशेष ट्रैफिक डायवर्जन लागू कर दिया गया है, ताकि सभा में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो. 

वैक्सीनेशन अभियान की राष्ट्रीय शुरुआत

प्रधानमंत्री आज अजमेर से एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान का शुभारंभ करेंगे. 14-15 वर्ष की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए यह टीका निःशुल्क लगाया जाएगा. एचपीवी वायरस लंबे समय तक शरीर में रहने पर गर्भाशय ग्रीवा कैंसर का कारण बन सकता है. राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम में शामिल यह पहल महिला स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है. स्वास्थ्य विभाग ने स्कूलों और निर्धारित केंद्रों पर समूह में टीकाकरण की व्यवस्था की है, जिससे अधिक से अधिक बालिकाओं को लाभ मिल सके. 

परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे

जनसभा के दौरान प्रधानमंत्री 16 हजार 6 सौ 86 करोड़ रुपये की 43 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. इनमें राष्ट्रीय राजमार्ग, ऊर्जा, पेयजल और शहरी विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल हैं. साथ ही 21 हजार 8 सौ 63 युवाओं को विभिन्न सरकारी विभागों में नियुक्ति पत्र भी वितरित किए जाएंगे. पटवारी, सीएचओ, नर्सिंग स्टाफ और तकनीकी पदों पर चयनित युवाओं को यह सौगात मिलेगी. कार्यक्रम को लेकर जनप्रतिनिधियों और आमजन में उत्साह का माहौल है. 

यह भी पढ़ें: राजस्‍थान में बदल गया मौसम, बाड़मेर का तापमान 36 ड‍िग्री सेल्‍स‍ियस के पार