विज्ञापन
This Article is From Apr 11, 2026

'कभी सितारा चमकता है, तो कभी मंद पड़ता है', वसुंधरा राजे के भावुक बयान पर मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने दिया जवाब

राजनीति बहुत चंचल है साहब! वसुंधरा राजे के 'खुद को न बचा पाने' वाले बयान पर मंत्री खर्रा ने ली चुटकी. कर्जमाफी से लेकर फसल खराबे तक, कांग्रेस को घेरते हुए मंत्री ने सीकर में कर दिए कई बड़े खुलासे. यहां पढ़ें पूरी रिपोर्ट.

'कभी सितारा चमकता है, तो कभी मंद पड़ता है', वसुंधरा राजे के भावुक बयान पर मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने दिया जवाब
वसुंधरा राजे के बयान पर मंत्री झाबर सिंह बोले- 'उम्मीद सबको, पर सफलता कम को'
NDTV Reporter

Sikar News: राजस्थान की राजनीति में इन दिनों बयानों का पारा चढ़ा हुआ है. शनिवार को सीकर (Sikar) पहुंचे यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा (Jhabar Singh Kharra) ने पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे (Vasundhara Raje) के उस बयान पर अपनी राय रखी, जिसने सियासी गलियारों में हलचल मचा दी थी. दरअसल, राजे ने हाल ही में कहा था कि "मैं खुद को ही नहीं बचा पाई", जिस पर खर्रा ने बड़े ही फिलोस्फिकल अंदाज में जवाब दिया.

'सियासत में सितारों का खेल'

मंत्री खर्रा ने कहा कि राजनीति एक बहुत ही चंचल क्षेत्र है. यहां कब किसका भाग्य चमक जाए और कब किसका सितारा थोड़ा मंद पड़ जाए, यह कहना मुश्किल है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि इस क्षेत्र में उम्मीद तो हर कोई लगाता है, लेकिन सफलता की मंजिल बहुत कम लोगों को नसीब होती है. खर्रा का यह बयान भाजपा के भीतर चल रही मौजूदा खींचतान के बीच काफी अहम माना जा रहा है.

'किसानों को मिल रही सुविधा भाजपा की देन'

वहीं, किसानों के मुद्दों पर बात करते हुए मंत्री ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से किसानों के हक में जितने भी बड़े फैसले हुए, वे भाजपा सरकारों के दौरान ही लिए गए. अटल बिहारी वाजपेयी सरकार के समय किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) की शुरुआत से लेकर ब्याज दर कम करने तक का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि आज किसानों को जो सुविधाएं मिल रही हैं, वे भाजपा की देन हैं.

ओले से फसलों को हुए नुकसान पर दिया ये जवाब

हाल ही में हुई ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान पर मंत्री ने किसानों को बड़ी राहत दी. उन्होंने बताया कि अब मुआवजे के लिए 50 फीसदी खराबे की शर्त को घटाकर 33 फीसदी कर दिया गया है. मुआवजे की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए सरकार तकनीक का सहारा ले रही है. अब किसान खुद अपने मोबाइल ऐप से गिरदावरी कर फोटो अपलोड कर सकते हैं, जिससे उन्हें पटवारी के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे.

एक साथ नजर आए भाजपा-कांग्रेस के कई नेता

इससे पहले झाबर सिंह खर्रा ने सीकर में महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती समारोह में शिरकत की. उन्होंने कहा कि फुले दंपति ने शिक्षा और समाज सुधार के जो कार्य किए, वे किसी एक समाज की नहीं बल्कि पूरे मानव जगत की धरोहर हैं. युवाओं को उनके आदर्शों और तकनीकी शिक्षा पर जोर देने की जरूरत है. इस कार्यक्रम में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों के कई बड़े नेता एक साथ नजर आए.

ये भी पढ़ें:- 'मोदी सु कुन झगड़ो करे...' मदन राठौड़ ने दोहे के जरिए वसुंधरा राजे पर कसा तंज; कटारिया पर बोले- वो महामहिम हैं

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com