राजस्थान में प्री मानसून में मौसम मेहरबान, अगले 4-5 दिन आंधी बारिश का कहर 

मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश का मौसम अगले 4 दिन ऐसा ही बने रहने की संभावना है. आज बाड़मेर और जैसलमेर के अलावा पूरे प्रदेश में आंधी और बारिश का अलर्ट है. 11 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और बाकी में येलो अलर्ट जारी किया गया है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
राजस्थान में बारिश से तापमान कम हो गया.

प्रदेश में आंधी बारिश का दौर लगातार जारी है.  बरसात के बीच लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है.  शनिवार को भी राज्य के कई स्थानों में बरसात हुई.  राजस्थान में प्री मानसून अच्छी बरसात हो रही है. कई जगहों पर ओलावृष्टि भी हुई. बरसात के कारण कई जगहों के तापमान में गिरावट हुई.  प्रदेश में जैसलमेर में तापमान सर्वाधिक 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि शुक्रवार की तुलना में करीब 3.4 डिग्री सेल्सियस कम हुआ.  

राजधानी जयपुर में भी सुबह से ही सूरज और बादल की आंख मिचौली चल रही है.  लोगों का उमस से हाल बेहाल है.  लेकिन तापमान में पिछले दिनों की तुलना गिरावट हुई है.  

Advertisement

बदला मौसम का मिजाज 

मौसम विभाग के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम का मिजाज बदला हुआ है.  वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ हरियाणा और आसपास के क्षेत्र में परिसंचरण तंत्र के रूप में सक्रिय है.  इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आ रही नम हवाओं के कारण प्रदेश में आंधी-बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं. 

तेज मेघगर्जन के साथ आंधी-बारिश 

पिछले 24 घंटे में बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में तेज मेघगर्जन, आंधी के साथ बारिश दर्ज की गई.  सीकर के दांतारामगढ़ में सबसे ज्यादा 50 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई. 

आज भी बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, जोधपुर और कोटा संभाग के कुछ क्षेत्रों में तेज आंधी के साथ बारिश की संभावना जताई गई है.  इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.  अगले 4 से 5 दिन तक प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी-बारिश का दौर जारी रह सकता है. 

यह भी पढ़ें: क‍िशनगढ़ एयरपोर्ट के व‍िस्‍तार के ल‍िए जमीन का अध‍िग्रहण शुरू, 2700 मीटर लंबा होगा रनवे