सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक रील अब भाई-बहन की मुसीबत बन गई है. दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक पर स्थित मलारना रेलवे स्टेशन के पास बनास नदी के रेलवे पुल पर रील बनाई गई. पीलवा गांव निवासी भाई-बहन दिलखुश मीणा और संजू मीणा को रेल सुरक्षा बल ने गिरफ्तार कर लिया है. जानकारी के अनुसार, दोनों भाई-बहन रेलवे ट्रैक और पुल पर खड़े होकर सोशल मीडिया रील बना रहे थे. आरपीएफ सवाई माधोपुर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और जांच के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया.
अनाधिकृत एंट्री समेत कई मामलों में केस दर्ज
रेलवे अधिनियम की धारा 147 (अनधिकृत प्रवेश/ट्रेसपास) के तहत मामला दर्ज किया गया है. आरपीएफ प्रभारी मानसिंह ने बताया, "रेलवे परिसर में अनाधिकृत प्रवेश करना, ट्रैक पार करना या रेलवे पुलों पर खड़े होकर फोटो-वीडियो और रील बनाना भारतीय रेल अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है."
फेमस होने के चक्कर में जोखिम उठा रहे लोग
रेलवे अधिकारी ने बताया कि रेल सुरक्षा बल सवाई माधोपुर द्वारा यात्रियों और आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नियमित जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं. सोशल मीडिया पर फेमस होने के चक्कर कई लोग अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डाल रहे हैं. ऐसी गतिविधियां न सिर्फ नियमों का उल्लंघन हैं, बल्कि बेहद खतरनाक भी साबित हो सकती हैं. उन्होंने आमजन से अपील की जाती है कि वे रेलवे ट्रैक, पुलों और प्रतिबंधित इलाकों में जाने से बचें तथा रेलवे नियमों का पालन करें.
यह भी पढ़ेंः 5 और 6 अप्रैल को होगी SI भर्ती परीक्षा, जिला प्रशासन से लेकर SOG के रडार पर रहेंगे 7.70 लाख अभ्यर्थी