LPG Gas Rajasthan: 'रिश्तेदारों ने देख लिया तो क्या कहेंगे..इतने पैसे वाले और 8 रुपये में खाना खा रहे', LPG किल्लत पर छलका दर्द

राजस्थान के अलवर शहर में इन दिनों रसोई गैस सिलेंडर को लेकर लोगों की परेशानी बढ़ गई है. गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से लंबी कतारें लग रही हैं. कई लोग घंटों इंतजार के बाद भी सिलेंडर नहीं मिलने से निराश लौट रहे हैं.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
राजस्थान के अलवर शहर में इन दिनों रसोई गैस सिलेंडर को लेकर लोगों की परेशानी बढ़ गई है

Rajasthan News: राजस्थान के अलवर शहर में इन दिनों रसोई गैस सिलेंडर को लेकर लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. शहर की कई गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से ही लोगों की लंबी कतारें लग रही हैं. हालात ऐसे हैं कि कई लोग घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद भी सिलेंडर नहीं मिलने से खाली हाथ लौटने को मजबूर हो रहे हैं. इससे आम लोगों में नाराजगी भी बढ़ती जा रही है.

पीड़ितों ने सुनाई अपनी परेशानी

लाइन में खड़े लोगों ने अपनी परेशानियां भी बताईं. जिसमें पीड़ित राजेन्द्र कुमार ने बताया कि उनका सिलेंडर खत्म हुए दो दिन हो गए हैं, वह कई बार चक्कर काट चुके हैं. उन्होंने आगे कहा कि वह 8 रुपये में खाना खाकर आ रहे हैं और वहां किसी रिश्तेदार ने देख लिया तो हमारी बेइज्जती हो जाएगी कि राजेन्द्र पैसे वाला आदमी 8 रुपये में खाना खा रहा है. पीड़ित ने आगे बताया कि उसे 2-3 दिन हो गए सिलेंडर बुक किए हुए, लेकिन उसका नंबर अभी नहीं आ रहा है.

Advertisement

एजेंसी खुलने से पहले लग गई लंबी लाइन

मालवीय नगर स्थित गैस एजेंसी पर गुरुवार सुबह ऐसा ही नजारा देखने को मिला. एजेंसी खुलने से पहले ही बड़ी संख्या में लोग सिलेंडर लेने पहुंच गए और लंबी लाइन लग गई. लोग अपने नंबर का इंतजार करते रहे लेकिन कई लोगों को देर तक इंतजार के बाद भी गैस नहीं मिल पाई.

बुकिंग के बाद भी नहीं मिल रही समय पर डिलीवरी

स्थानीय लोगों का कहना है कि वे दो-तीन दिन पहले गैस की बुकिंग करवा देते हैं लेकिन बुकिंग दर्ज नहीं हो पाती या समय पर सिलेंडर की डिलीवरी नहीं मिलती. मजबूरी में उन्हें सीधे गैस एजेंसी पर जाकर लाइन में लगना पड़ रहा है. कई लोग घंटों इंतजार करते हैं लेकिन फिर भी सिलेंडर नहीं मिलने से निराश होकर वापस लौट जाते हैं.

पुलिस और प्रशासन ने की अपील

स्थिति को देखते हुए संबंधित थाना क्षेत्र की पुलिस भी मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश देकर व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश की. थाना प्रभारी ने लोगों से अपील की कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें.

वहीं जिला प्रशासन का कहना है कि अलवर जिले में रसोई गैस की पर्याप्त व्यवस्था है और सप्लाई में किसी तरह की कमी नहीं है. जिला कलेक्टर ने लोगों से संयम रखने और अनावश्यक भीड़ नहीं लगाने की अपील की है.

Advertisement

यह भी पढ़ें- LPG सिलेंडर के दाम बढ़े तो कलेक्ट्रेट के गेट पर जला चूल्हा, सड़क पर रोटियां सेंककर कांग्रेस ने किया प्रदर्शन