राजस्थान की सोलहवीं विधानसभा का छठा सत्र आगामी 20 अगस्त से शुरू होगा. राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने विधानसभा सत्र शुरू होने लेकर अधिसूचना जारी कर दी है. विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने जानकारी देते हुए बताया कि विधानसभा का यह सत्र गुरुवार, 20 अगस्त को प्रातः 11:00 बजे से प्रारंभ होगा. राज्यपाल ने संविधान के अनुच्छेद 174(1) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए सत्र आहूत करने की औपचारिक अधिसूचना जारी कर दी है.
विधानसभा सचिवालय ने शुरू की तैयारी
सत्र की तिथियां तय होने के बाद विधानसभा सचिवालय ने बैठक के सुचारू और प्रभावी संचालन के लिए आवश्यक प्रशासनिक व बजटीय तैयारियां शुरू कर दी हैं. विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने कहा कि सत्र के दौरान सदन की समस्त कार्यवाही संसदीय नियमों, परंपराओं और मर्यादाओं के अनुरूप संचालित की जाएगी.
मानसून सत्र में सरकार को घेरेगा विपक्ष
माना जा रहा है कि इस सत्र में राज्य सरकार कई महत्वपूर्ण विधायी कार्य और विधेयक सदन के पटल पर रखेगी. वहीं विपक्ष भी जनहित के मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति तैयार कर रहा है.