Rajasthan: स्कूल में छात्र के सामने पिता से मारपीट, संयुक्त अभिभावक संघ ने खोला मोर्चा; FIR के बाद कार्रवाई क्यों नहीं?

कुचामन सिटी के आस्था पब्लिक स्कूल में अभिभावक के साथ हुई मारपीट के बाद संयुक्त अभिभावक संघ ने मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री तक न्याय की गुहार लगाई है. संघ ने आंदोलन की चेतावनी दी है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
कुचामन सिटी के आस्था पब्लिक स्कूल में अभिभावक के साथ मारपीट के बाद कार्रवाई नहीं हुई है

Rajasthan News: राजस्थान के कुचामन सिटी स्थित आस्था पब्लिक स्कूल में एक अभिभावक के साथ हुई मारपीट और दुर्व्यवहार के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है. विद्यालय परिसर में छात्र के सामने ही पिता के साथ हुई इस हिंसात्मक घटना को लेकर संयुक्त अभिभावक संघ ने कड़ा रुख अपनाया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर मोर्चा खोल दिया है.

शिक्षा के मंदिर में हिंसा

घटना जसाना के आस्था पब्लिक स्कूल की है, जहां पिछले दिनों एक छात्र के सामने ही उसके अभिभावक के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया. संघ के प्रदेश प्रवक्ता अभिषेक जैन बिट्टू ने इस पर गहरा रोष जताते हुए कहा कि जिस स्थान पर बच्चों को नैतिकता और अनुशासन का पाठ पढ़ाया जाता है, वहां इस तरह का व्यवहार शर्मनाक है. उन्होंने चिंता जताई कि अपने पिता के साथ हुई इस हिंसा को देख बच्चे के मानसिक विकास पर कितना बुरा असर पड़ा होगा.

Advertisement

सत्ता की धौंस और पुलिस की सुस्ती पर सवाल

प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अग्रवाल ने बताया कि स्कूल संचालक खुद को राजनीतिक रसूख वाला बताकर अभिभावकों को डराने का प्रयास कर रहा है. हैरानी की बात यह है कि पीड़ित द्वारा एफआईआर दर्ज कराए जाने के बावजूद अब तक प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया है. इससे पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.

उच्च स्तर पर शिकायत और आंदोलन की चेतावनी

संयुक्त अभिभावक संघ ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री, जिला कलेक्टर और आईजी अजमेर रेंज सहित तमाम उच्च अधिकारियों को पत्र भेजा है.

संघ की प्रमुख मांगें बताई जिसमें बताया कि दोषी स्कूल संचालक और सहयोगियों की तत्काल गिरफ्तारी, स्कूल के खिलाफ कड़ा प्रशासनिक एक्शन, सभी स्कूलों के लिए अभिभावकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने हेतु गाइडलाइन, संघ ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही न्याय नहीं मिला तो पूरे प्रदेश में व्यापक स्तर पर आंदोलन किया जाएगा.

यह भी पढ़ें- चंदन की खुशबू से महकेंगे राजस्थान के ये तीन जिले, मिशन मोड में प्रोजेक्ट पूरा करने का अधिकारियों को अल्टीमेटम

Advertisement