Rajasthan: टांके में छोटे बेटे को बचाने कूदी मां, पीछे से भाई भी कूदा… तीनों की डूबने से मौत

राजस्थान में बालोतरा जिले के गिड़ा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में मां और उसके दो मासूम बेटों की टांके में डूबने से मौत हो गई. छोटे बेटे को बचाने के प्रयास में मां और बड़ा भाई भी पानी में कूद गए और तीनों की जान चली गई.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
बालोतरा में मां और उसके दो मासूम बेटों की टांके में डूबने से मौत हो गई.

Rajasthan News: राजस्थान के बालोतरा जिले के गिड़ा थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक हृदयविदारक घटना सामने आई. पांचों की ढाणी निवासी देवी पत्नी प्रेम कुमार अपने दो बेटों के साथ खेत में मवेशी चराने गई थी. दोपहर के समय वह बकरियों को पानी पिलाने के लिए खेत में बने टांके से पानी निकाल रही थी. इसी दौरान देवी ने अपने छोटे बेटे धर्मेंद्र (3 वर्ष) और बड़े बेटे अर्जुन (6 वर्ष) को टांके के पास बैठा रखा था. इसी दौरान खेलते-खेलते छोटा बेटा धर्मेंद्र अचानक टांके में गिर गया. आसपास कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था.

बेटे को बचाने कूदी मां, फिर बड़े भाई ने भी लगाई छलांग

अपने छोटे बेटे को पानी में गिरता देख मां देवी बिना देर किए उसे बचाने के लिए टांके में कूद गई. दोनों को पानी में संघर्ष करते देख बड़ा बेटा अर्जुन भी घबराकर टांके में कूद पड़ा. देखते ही देखते यह हादसा त्रासदी में बदल गया और तीनों गहरे पानी में डूब गए.

देर से मिली जानकारी, नहीं बच सकी तीनों की जान

कुछ समय बाद पास ही काम कर रहे लोगों की नजर मवेशियों पर पड़ी. संदेह होने पर वे टांके के पास पहुंचे तो घटना का पता चला. आसपास की ढाणियों के लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए और किसी तरह तीनों को बाहर निकाला गया. उन्हें तुरंत गिड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया.

मजदूरी पर गया था पति, गांव में पसरा मातम

घटना के समय मृतका का पति प्रेम कुमार जोधपुर में मजदूरी कर रहा था. सूचना मिलने पर वह तुरंत घर पहुंचा. गिड़ा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को मोर्चरी में रखवाया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे. पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है और हर कोई इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध है.

Advertisement

यह भी पढ़ें- एक नजर में देखें पूरा राजस्थान बजट, प्रमुख घोषणाओं से लेकर आकड़ों तक सब कुछ