Bar Council of Rajasthan Election: राजस्थान में आज बार काउंसिल ऑफ राजस्थान BCR के चुनाव हो रहे हैं. यह चुनाव करीब तीन साल की देरी से हो रहे हैं. यह चुनाव हर पांच साल पर होता है लेकिन आखिरी बार यह चुनाव आठ साल पहले हुआ था. चुनाव को लेकर प्रदेश के अधिवक्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है. BCR के सदस्य पद के लिए मतदान सुबह 8 बजे से शुरू हुआ जो शाम 5 बजे तक चलेगा. इस बार कुल 23 पदों के लिए 234 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं. चुनाव में प्रदेश भर से 84 हजार 247 से अधिक अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. इसके लिए पूरे राजस्थान में 258 मतदान केंद्र बनाए गए हैं.
इस बार BCR चुनाव में पहली बार महिला अधिवक्ताओं को 30 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है. 23 पदों में से 5 पद महिलाओं के लिए आरक्षित हैं. इन पदों के लिए 57 महिला अधिवक्ता चुनाव लड़ रही हैं. इसके अलावा दो महिलाओं को ऑप्ट किया जाएगा, जिससे कुल 25 सदस्यों में 7 महिला सदस्य होंगी.
29 अप्रैल से होगी मतगणना
विभिन्न शहरों में मतदान शाम 5 बजे तक किया जाएगा. वोटिंग समाप्त होने के बाद सभी मतपेटियां जिला जज के पास जमा कराई जाएंगी. अगले दिन पुलिस सुरक्षा में इन्हें जोधपुर लाया जाएगा. वहां 29 अप्रैल से मतगणना की प्रक्रिया शुरू होगी.
जयपुर और श्रीगंगानगर का हाल
जयपुर में सबसे अधिक 22 हजार अधिवक्ता मतदाता हैं. वहीं श्रीगंगानगर जिले से 5 प्रत्याशी सदस्य पद के लिए मैदान में हैं. गंगानगर मुख्यालय पर 1665 मतदाता अपने वोट डालेंगे. जिले में कुल 9 स्थानों पर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है.
कड़े नियम और सुरक्षा इंतजाम
चुनाव सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित कमेटी की निगरानी में हो रहे हैं. मतदान से 36 घंटे पहले प्रचार पर रोक लगाई गई है. मतदान केंद्र के 200 गज के दायरे में किसी भी प्रकार का प्रचार प्रतिबंधित है. केंद्रों पर मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना मना है. सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.
यह भी पढ़ें- बांसवाड़ा में फर्जी डिग्री का बड़ा खुलासा, हाईकोर्ट की जांच के बाद 2018 पीटीआई भर्ती के 18 शिक्षक बर्खास्त